बड़ी खबर

भारत में कोविड-19 मरीजों का आंकड़ा हुआ 85 लाख के करीब

नयी दिल्ली । देश में कोरोना वायरस (COVID-19) से संक्रमित लोगों की संख्या शनिवार को 85 लाख के करीब पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 5.13 लाख के करीब रह गयी। विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के मुताबिक देर रात तक संक्रमण के 27,206 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों का कुल आंकड़ा 84,88,257 हो गया है और मृतकों की संख्या 329 और बढ़कर 125,934 हो गयी है।

देश में नये मामलों की तुलना में इस महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है और इसी कड़ी में 28,219 और मरीजों के स्वस्थ होने से अब तक 78,46,927 लोग इस बीमारी से मुक्ति पा चुके हैं। नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में 3,068 की और कमी दर्ज की गयी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर अब 5,13,564 रह गयी है।

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के नये मामलों में शनिवार को फिर से कमी दर्ज की गयी और इनकी कुल संख्या घट कर एक लाख से नीचे 99,151 तक पहुंच गयी। राज्य में इस दौरान स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में 3,856 की और गिरावट दर्ज की गयी। सक्रिय मामलों की संख्या घट कर अब 99,151 रह गयी है।राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 3,959 नये मामले सामने आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17,14,273 पहुंच गयी। इसी अवधि में 6,748 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 15,69,090 हो गयी है तथा 150 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 45 हजार के पार 45,115 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर में आंशिक वृद्धि के साथ 91.53 फीसदी हुई जबकि मृत्यु दर महज 2.63 प्रतिशत है।

बताया जा सकते हैं कि कोरोना से देश में सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र सक्रिय मामलों की संख्या 99,151 रह गयी जो सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है जबकि केरल 83,261 सक्रिय मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। दिल्ली 39,722 सक्रिय मामलों के साथ तीसरे, पश्चिम बंगाल 35,557 मामलों के साथ चौथे स्थान पर है जबकि कर्नाटक अब 33,319 मामलों के साथ पांचवें स्थान पर है।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 97,44,491 पहुंच गयी है। भारत हालांकि अमेरिका से अभी भी करीब 12.56 लाख मामले पीछे है। देश में नये मामलों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है, जबकि अमेरिका में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है।

Share:

Next Post

सोशल मीडिया पर फिर छाया टीवी एक्ट्रेस दीपिका सिंह गोयल का डांस वीडियो

Sun Nov 8 , 2020
टेलीविजन जगत की जानी-मानी अभिनेत्री दीपिका सिंह गोयल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपने डांस वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। अपने खूबसूरत मूव्स से सबको दीवाना बनाने वाली दीपिका का एक और डांस वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर छाया हुआ हैं। इस डांस वीडियो को खुद दीपिका […]