
अगले चार-पांच दिन अच्छी बारिश की उम्मीद
भोपाल। मानसून के सक्रिय होने से प्रदेश में अच्छी बरसात का सिलसिला शुरू हो गया है। उधर, बंगाल की खाड़ी में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस सिस्टम के गुरुवार को कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की पूरी संभावना है। साथ ही यह खाड़ी में ऊर्जा एकत्र करने के बाद आगे बढ़ेगा। इससे प्रदेश में अगले 4 से 5 दिन तक बरसात का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अच्छी बारिश की उम्मीद की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इसके गुरुवार को कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। साथ ही यह स्थिर होकर और शक्तिशाली होने के बाद आगे बढ़ेगा। बिहार से छत्तीसगढ़ होकर एक ट्रफ बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। मानसून द्रोणिका (ट्रफ) उत्तर प्रदेश से होकर गुजर रही है। इस वजह से प्रदेश में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़े पैमाने पर नमी आ रही है। इससे बरसात का दौर चल रहा है। गुरुवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved