
इंदौर, प्रदीप मिश्रा। वन विभाग के टाइगर स्ट्राइक फोर्स में शामिल इंदौर के डॉग स्क्वाड मैना और ब्रूनो ने लगभग 50 वन्य अपराधों के मामलों में 100 से ज्यादा आरोपियों को हवालात से लेकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। डॉग स्क्वाड की टीम ने सिर्फ इंदौर ही नहीं, बल्कि देवास, खण्डवा, बुरहानपुर के अलावा अन्य वन्य मण्डल में जाकर सर्चिंग करते हुए आरोपियों को धरदबोचा। देवास के जंगलों में शहीद वन रक्षक और बुरहानपुर में गर्भवती बाघिन के हत्यारों को पकडऩे में इंदौर के डॉग स्क्वाड की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर खबरों की सुर्खियां बन चुकी है।
वन्य जीव और वन संपदा से सम्बंधित वन्य अपराध की जांच के दौरान सुराग और साक्ष्य नहीं मिलने के कारण हताश और निराश इन्वेस्टिगेशन टीम को कई बार ऐसा लगा कि सम्भवत: अब आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल ही नहीं, बल्कि नामुमकिन है, तभी इंदौर के डॉग स्क्वाड ने अपने वन विभाग का नमक अदा करते हुए वन्य जीवों के हत्यारों और वन संपदा के चोरों को न सिर्फ धरदबोचा, बल्कि उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई। कई बार तो 5 से ज्यादा किलोमीटर दूर तक सर्चिंग करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कराया है। डॉग स्क्वाड में हैण्डलर और सहायक हैण्डलर की भी भूमिका अहम होती है। डॉग के साथ हैण्डलर को भी ग्वालियर के पास टेकनपुर और गुडग़ांव में ट्रेनिंग दी जाती है।
गर्भवती बाघिन के हत्यारों को पकड़ाया
पिछले साल 2025 में बुरहानपुर वन मण्डल में एक मादा टाइगर, मतलब बाघिन का शव मिला। बाघिन गर्भवती थी। उसके गर्भ में शावकों के 3 भ्रूण मौजूद थे। इस बाघिन को शिकारियों ने करंट लगाकर मार डाला था। इस मामले में आरोपियों को दबोचने में डॉग स्क्वाड ब्रूनो ने अहम भूमिका निभाई थी।
चोरों के घर से चंदन जब्त कराया
साल 2023 में इंदौर नवरतनबाग मुख्यालय परिसर से चोर चंदन के पेड़ काटकर ले गए । वन विभाग के लिए यह असाधारण और शर्मनाक घटना थी कि उसकी नाक के नीचे से चोर चंदन के पेड़ काटकर चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद आरोपियों के मुंह पर कपड़ा बंधा होने की वजह से चोर पकड़ में नहीं आ रहे थे। आखिरकार डॉग स्क्वाड को घटना स्थल पर बुलवाया गया। ब्रूनो ने कटे हुए पेड़ों और घटनास्थल की धूल-मिट्टी को सूंघा और जांच टीम को न सिर्फ चोरों तक पहुंचाया, बल्कि आरोपियों के घर से चंदन के टुकड़े और काटने वाले औजार भी बरामद कराए।
भालू के अंग निकालने वालों को दबोचा
वन विभाग की स्क्वाड टीम के अनुसार साल 2019 में बुरहानपुर वन मण्डल में शिकारी भालू का शिकार कर उसके अंग काटकर ले गए थे। डॉग स्क्वाड ने न सिर्फ आरोपियों को दबोचा, बल्कि उनके पास मृत भालू के शारीरिक अंग भी जब्त कराए।
वनरक्षक के हत्यारों तक जांच दल को पहुंचाया
साल 2021 में देवास के जंगलों में हत्यारों से लड़ते हुए वन रक्षक शहीद हो गए थे। जंगल में हत्यारों का कोई भी साक्ष्य नहीं था। इस कारण पुलिस और वन विभाग के सामने हत्यारों तक पहुंचना मुश्किल था, मगर डॉग स्क्वाड लगभग 6 किलोमीटर तक सर्चिंग कर हत्यारे शिकारियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा चुका है।
टाइगर स्ट्राइक फोर्स की डॉग स्क्वाड टीम में साल 2015 से अभी तक जर्मन शेफर्ड नस्ल का डॉग मैना और बेल्जियन मेलिनोइस नस्ल का ब्रूनो शामिल रहे हैं। मैना और ब्रूनो ने दस सालों में अभी तक 50 मामलों में 100 से ज्यादा आरोपियों को प्रमाण सहित सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
शरद जाटव , रेंजर ऑफिसर,
टाइगर स्ट्राइक फोर्स, इंदौर
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved