
इंदौर। खंडवा रोड (Khandwa Road) स्थित अतुल्य आईटी पार्क (Atulya IT Park) परिसर में प्रदेश की सबसे ऊंची 21 मंजिला (21-story) बिल्डिंग (building) बन रही है, जो आईटी पार्क के रूप में एमपीआईडीसी द्वारा तैयार की जा रही है। इसके साथ ही आईटी पार्क-4 का निर्माण भी किया जा रहा है, जो 9 मंजिला रहेगी।
आईटी पार्क-3 में 11 लाख वर्गफीट निर्मित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत रूपये 550 करोड़ है। वर्तमान में परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है जिस पर 394 करोड़ का व्यय हुआ है। वर्तमान में इस भवन की 14वीं मंजिल के निर्माण का कार्य प्रचलन में है साथ ही अन्य सुविधाएं जैसे कि एस.टी.ई.पी., बाउण्ड्री वॉल, वॉटर टैंक आदि का कार्य प्रचलन में है। इस परियोजना के दिसंबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। परियोजना से लगभग 10,000 रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। 21 मंजिला यह भवन मध्यभारत का सबसे ऊँचा आईटी पार्क भवन होगा, जिसे एक आधुनिक एवं इंटीग्रेटेड आईटी परिसर के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना में कर्मचारियों एवं कंपनियों की सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रिक्रिएशन एरिया, क्रेच सुविधा, वॉक-वे, पूर्ण सीसीटीवी कवरेज, इवी चार्जिंग स्टेशन, कमर्शियल स्पेस, शॉपिंग जोन एवं फूड जोन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं। यह परियोजना आई.टी./आई.टी.ई.एस. कंपनियों, स्टार्टअप्स एवं नवाचार आधारित उद्योगों हेतु आधुनिक कार्यालय अधोसंरचना उपलब्ध कराएगी। परियोजना के माध्यम से प्रदेश में उच्च कौशल आधारित रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आईटी निर्यात में वृद्धि होगी तथा युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। वहीं आईटी पार्क चार में लगभग 1 लाख वर्गफीट निर्मित क्षेत्र विकसित किया गया है, जिसकी स्वीकृत लागत रूपये 47 करोड़ है।