
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक दूसरे व्यक्ति को कपड़े से बांधकर जबरन रिक्शा चलवाते हुए जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह रास्ते भर उसे चप्पलों और छाते से पीटता भी नजर आ रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बंधा हुआ व्यक्ति चुपचाप रिक्शा चलाता जा रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बंधे हुए व्यक्ति ने कथित तौर पर लाठी से हमला कर दूसरे युवक के सिर पर चोट पहुंचा दी थी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक ने कथित आरोपी को कपड़े से बांध दिया और उसे सरेआम शहर की सड़कों पर रिक्शा चलवाते हुए थाने की ओर ले जाने लगा। इस दौरान उसने रास्ते भर उसके साथ मारपीट भी की। पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
इस घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किसी व्यक्ति पर अपराध का आरोप था, तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था। किसी आम नागरिक द्वारा कानून अपने हाथ में लेकर किसी को सार्वजनिक रूप से बांधकर घुमाना और मारपीट करना गंभीर मामला माना जा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे मंडला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। साथ ही कानून अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर सवाल उठा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved