
मुंबई. मुंबई (Mumbai) के जुहू इलाके में रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर जानलेवा हमला हुआ. फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हमलावरों ने पांच राउंड फायरिंग की. इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनका ड्राइवर घायल हुआ है. घटना के दौरान मौके पर मौजूद चश्मदीदों (Eyewitness) ने पूरी वारदात बताई है.
घटना के वक्त वहां टाइगर श्रॉफ के एक फैन शाहरुख शेख मौजूद थे. उन्होंने बताया कि उन्हें पता चला था कि टाइगर यहां फुटबॉल खेलने आए हैं, ऐसे में उनके साथ तस्वीर लेने के लिए वे वहीं रुके थे. शाहरुख के मुताबिक, तीन हमलावर थे. इनमें से एक गाड़ी चला रहा था, जबकि दो लोग फायरिंग कर रहे थे. उन्होंने बताया कि हमलावर पल्सर बाइक पर सवार थे. शाहरुख ने बताया कि जब गोली चली तब टाइगर कार में ड्राइवर की बाईं ओर बैठे थे और हमलावर उसी तरफ गोली चला रहे थे. चश्मदीद ने बताया कि वड़ा पाव स्टॉल वाले ने भी जानकारी दी कि हमलावरों की गाड़ी आधे घंटे तक रुकी थी.
चश्मदीद के मुताबिक, हमलावरों ने टाइगर की तरफ गोलियां चलाई, फिर सामने से गोली चलाई और मौके से फरार हो गए. चश्मदीद ने बताया कि टाइगर गाड़ी में लेट गए थे जिससे वे बच गए. उनकी गाड़ी में तीन लोग सवार थे. घायल ड्राइवर को पीछे पैठे व्यक्ति ने अपनी सीट पर बैठाया और टाइगर गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचे.
टाइगर श्रॉफ से मिले उपमुख्यमंत्री
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि टाइगर के दाएं हाथ पर गनपाउडर से जलने से निशान हैं. हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी.
‘वो पतला-दुबला सा लड़का था’
घटना के दौरान मौके पर सलमा शेख नाम की एक व्लॉगर भी मौजूद थी. सलमा ने बताया कि टाइगर यहां फुटबॉल खेलने आते हैं. शाम सात बजे तक उनका खेल खत्म हो जाता है. आज भी ऐसा ही हुआ. टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद बाहर निकले और गाड़ी में बैठ गए. उनकी गाड़ी जैसे ही मेन रोड पर आई तो एक लड़के ने गोली चला दी. वो पतला-दुबला सा लड़का था. सभी को लगा कि वो पटाखे फोड़ रहा है. गाड़ी रुकी और फायरिंग कर दी. टाइगर तो गाड़ी में नीचे लेट गया. उसे जरा भी खरोंच नहीं आई लेकिन ड्राइवर को कोहनी में गोली लगी. एक गोली हथेली में आर-पार हो गई.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार की सुरक्षा का भरोसा देते हुए कहा कि इस घटना में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved