
खरगोन। खरगोन की झिरन्या तहसील स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऐसे व्यक्ति के बैंक खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए गए, जिसकी मौत करीब 6 साल पहले हो चुकी थी। मामला सामने आने के बाद बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस विड्रॉल स्लिप के आधार पर राशि निकाली गई, उस पर भीमसिंह के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं। जबकि बैंक नियमों के अनुसार व्यक्ति को पासबुक के साथ स्वयं बैंक पहुंचकर अधिकारी की मौजूदगी में हस्ताक्षर या अंगूठा लगाकर ही राशि निकालनी होती है। करीब चार महीने पहले हुई इस घटना में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिस समय खाते से राशि निकाली गई, उस दौरान बैंक में प्रबंधक अब्दुल वहाब शेख, सहायक गणक विक्रम सनोरे और कैशियर विक्रांत सिंह तोमर पदस्थ थे। ऐसे में तीनों कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है। बैंक प्रबंधक अब्दुल वहाब शेख ने बताया कि मामले की जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिखकर दे दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन यह निकासी हुई, उस दिन वे बैंक में मौजूद नहीं थे। बैंक में केवल दो महीने तक ही सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रहती है, इसलिए यह पता नहीं चल सका कि पैसे निकालने बैंक कौन आया था। वहीं, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक खरगोन की एमडी संध्या रोकड़े ने कहा कि यदि मृत व्यक्ति के नाम से राशि निकाली गई है तो यह गंभीर अपराध है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved