
भोपाल। नूतन कॉलेज चौराहे पर रविवार की शाम को यातायात पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी। तभी एक अल्टो कार में सवार तीन युवकों को रोका गया। वाहन चालक सीटबेल्ट नहीं लगाया हुआ था। महिला आरक्षक ने आरोपियों से चालान कटवाने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर तीनों युवकों ने आरक्षक से बदसलूकी की और झूमाझटकी कर डाली। पीडि़ता की शिकातय हबीबगंज पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हबीबगंज पुलिस के अनुसार श्रृष्टि केथवास टै्रफिक पुलिस भोपाल में पदस्थ है। कल शाम करीब साढ़े बजे हमराह स्टॉफ के साथ नूतन कॉलेज के पास चौराहा पर चैकिंग कर रही थी। तभी एक अल्टो कार को चेकिंग के दौरान रोका गया। पहले तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। किसी तरह से उन्हें रोक लिया गया। वाहन चालक सीट बेल्ट नहीं लगाए हुए था। पीडि़ता ने उससे चालान कटवाने की बात कही। इस बात को लेकर आरोपी बहसबाजी करने लगे। इस दौरान आरोपी आपे से बाहर हो गए और पीडि़ता से झूमाझटकी कर दी। जिसके बाद में पुलिस स्टॉफ ने उन्हें हिरासत में लिया और वाहन सहित उन्हें लेकर थाने पहुंचे। जहां आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। हबीबगंज पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली है। जल्द उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।