बड़ी खबर राजनीति

आज बिहार में PM मोदी करेंगे चुनाव अभियान का आगाज, CM नीतीश कुमार मंच पर रहेंगे मौजूद

जमुई (Jamui) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) गुरुवार को बिहार (Bihar) में चुनावी अभियान (election campaign) का आगाज करेंगे। वे जमुई में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव 2024 घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला बिहार दौरा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ होंगे। जमुई सीट पर एनडीए के उम्मीदवार अरुण कुमार भारती हैं जिनके लिए पीएम और सीएम जनता से वोट देने की अपील करेंगे। अरुण कुमार भारती लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के बहनोई हैं। एलजेपी आर चीफ भी पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगे जो वर्तमान में जमुई के सांसद हैं।

देवघर उतरेंगे पीएम
पार्टी नेताओं के अनुसार पीएम 11 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे हेलिकॉप्टर से लगभग 12 बजे जमुई के खैरा प्रखंड में बल्लोपुर सभास्थल पहुंचेंगे। जमुई में वे लगभग एक घंटे तक रहेंगे। एक बजे जमुई से देवघर के लिए वे रवाना हो जाएंगे। एनडीए के सभी घटक दलों ने पीएम की रैली को लेकर पूरी तैयारी की है। प्रधानमंत्री की रैली को लेकर जमुई और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। नवादा, मुंगेर, लखीसराय, बांका के वरीय पुलिस पदाधिकारी की भी नियुक्ति की गई है।


तीसरी बार जीत के लिए लोजपा आर ने झोंकी ताकत
उपमुख्यमंत्री सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, लोजपाआर सुप्रीमो चिराग पासवान सहित एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेता पीएम की रैली में शरीक होंगे। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमुई में इसी मैदान से चुनावी अभियान का आगाज किया था। पिछली बार लोजपा के टिकट पर चिराग पासवान उम्मीदवार थे। इस बार उनके बहनोई अरुण भारती चुनावी मैदान में हैं।

मुंगेर के तारापुर में बढ़ी सियासी तपिश
पहले चरण में 19 अप्रैल को होने वाले जमुई लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा बढ़ चुका है। इस लोकसभा के एक महत्वपूर्ण अंग मुंगेर जिला अंतर्गत तारापुर विधान सभा क्षेत्र में भी चुनावी तपिश बढ़ गई है। चौपाल से लेकर चाय-पान की दुकानों पर बस चुनाव की ही चर्चा हो रही है। जमुई लोकसभा आरक्षित सीट है। लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान यहां से लगातार दो बार सांसद रह चुके हैं। इस बार चिराग पासवान खुद की जगह इस सीट से अपने जीजा अरुण भारती को जबकि राजद ने अर्चना रविदास को चुनाव मैदान में उतारा है। इन दोनों के बीच ही सीधी टक्कर होने की संभावना है। मैदान में भले ही अरूण भारती हैं, लेकिन इस सीट से चिराग पासवान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। एक ओर लोजपा तीसरी जीत की आस लगाए बैठी है तो दूसरी ओर से राजद इस बार लोजपा के विजय रथ को रोकने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहा है।

Share:

Next Post

Foreb's List 2024: ये हैं भारत की सबसे अमीर महिला, 33.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति

Thu Apr 4 , 2024
नई दिल्‍ली (New Delhi)। फोर्ब्स ने दुनिया के अमीरों (the rich of the world)की नई सूची जारी (list released)की है। 2024 में दुनिया में कुल 2,781 अरबपति हैं, जिसमें इस बार रिकॉर्ड 200 भारतीयों (200 Indians)को जगह मिली है। पिछले साल यह संख्या 169 थी। अरबपति भारतीयों की संयुक्त संपत्ति रिकॉर्ड 954 अरब डॉलर है, […]