
भोपाल। मध्यप्रदेश में सत्ता में वापसी की चाबी के रूप में शुरू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत आज सवा करोड़ महिलाओं के खाते में एक-एक हजार रुपए आने से पहले प्रदेशभर में जश्न का माहौल शुरू हो गया है। आज दोपहर को जबलपुर से मुख्यमंत्री योजना का शुभारंभ करेंगे, जिसमें 50 हजार से अधिक महिलाओं के आने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेशभर में इस योजना को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कहीं शिवराज की आरती उतारी जा रही है तो कहीं गीत गाए जा रहे हैं। भाजपाइयों द्वारा जगह-जगह आयोजन रखे गए हैं। दतिया में महिलाएं आनंद उत्सव मना रही हैं। दीपावली की तरह घर में मिठाई बनाई जा रही हैं। ग्वालियर-मुरैना में बैंडबाजे की धुन पर महिलाएं थिरकतीं नजर आईं तो कहीं डीजे पर जश्न मनाया जा रहा है। उज्जैन में हर पंचायत क्षेत्र में महिलाएं नुक्कड़ नाटक कर रही हैं। टीकमगढ़ में लोकगीत गाए जा रहे हैं। विदिशा में महिलाएं साफे बांधकर बताशे बांटकर एक-दूसरे को बधाई दे रही हैं। पूरे प्रदेश में महिलाएं खुशी का इजहार कर रही हैं। शाम को खातों में 1-1 हजार रुपए आने के बाद महिलाएं घरों में घी का दीपक भी जलाएंगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved