
इंदौर। देशभक्ति को समर्पित ऑपरेशन सिंदूर के बाद ऑपरेशन महादेव की सफलता पर भारत की सेना के सम्मान में कल राजबाड़ा से गांधी हॉल तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमेंं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। यात्रा के स्वागत के लिए 50 से अधिक मंच बनाए जाएंगे।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि यात्रा में भाजपा संगठन के सभी 35 मंडलों के कार्यकर्ता, सभी मोर्चे-प्रकोष्ठ, सामाजिक संस्थाएं, खेल एवं व्यापारी संगठन, युवा, महिला और औद्योगिक संगठन देशभक्ति के नारों के साथ भाग लेंगे। बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार मंच लगाए जाएंगे। सभी मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में विधानसभाओं से तिरंगा यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। भाजपा द्वारा निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के मार्ग पर छोटे-बड़े लगभग 50 से अधिक मंच लगाए जाएंगे।
समाज व संगठन की भागीदारी
यात्रा में जैन समाज अपने बैंड के साथ, वहीं सिख, मुस्लिम, बोहरा, राठौर, ब्राह्मण सहित विभिन्न समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। महिला मंडल विशेष ड्रेसकोड के साथ देशभक्ति के गीत व नारों के बीच यात्रा में सहभागिता निभाएंगे। यात्रा में विभिन्न व्यापारिक संगठन भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
विधानसभावार सौंपी जिम्मेदारी
मंचों के स्वागत की जिम्मेदारी विधानसभा क्षेत्रों को दी गई है। राजबाड़ा से पोरवाल ड्रेसेस तक विधानसभा-3, पोरवाल ड्रेसेस से श्रीकृष्ण टॉकीज तक राऊ विधानसभा, श्रीकृष्ण टॉकीज से जेल रोड तक विधानसभा-2, जेल रोड से कोठारी मार्केट तक विधानसभा-1, कोठारी मार्केट से प्रेस क्लब तक विधानसभा-5, प्रेस क्लब से गांधी हॉल तक विधानसभा-4 के नेताओं के मंच लगेंगे, जहां से मुख्यमंत्री सहित पूरी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
हाथों में तिरंगा थाम निकले पुलिसकर्मी और स्कूली बच्चे
हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान में आज सुबह पुलिस लाइन से राजबाड़ा तक पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई, वहीं स्वास्थ्यकर्मियों ने भी दोपहिया वाहन पर रैली निकाली।
पुलिसकर्मियों की रैली में स्कूली छात्रों ने भी हाथों में तिरंगा थाम देशभक्ति की भावना को व्यक्त किया। इंदौर पुलिस के साथ खेल की इस रैली में करीब 1200 डीआरपी, पीटीसी के पुलिसकर्मियों सहित स्कूली छात्र शामिल हुए। डीसीपी हेडक्वार्टर प्रकाश परिहार ने फ्लैग ऑफ कर इस रैली को रवाना किया, जो नगर निगम होते हुए राजबाड़ा पर पहुंची। इस दौरान अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। नवप्रशिक्षु सहित पुलिस जवानों और छात्रों ने हाथों में तिरंगा थाम पूरे रास्ते भारत माता की जय के नारे लगाए, साथ ही राष्ट्रीय स्वाभिमान, अस्मिता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को शान से अपने घरों पर फहराने का भी संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान के तहत द्वितीय चरण में तिरंगा मेला, तिरंगा यात्रा, तिरंगा साइकिल रैली, तिरंगा के रूप में बच्चों की शृृंखला का निर्माण, तिरंगा गान आदि कार्यक्रम हो रहे हैं। कल से तीसरा चरण शुरू होगा, जिसमें 15 अगस्त तक लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved