
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) 3 मार्च को भोपाल आ रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मू भोपाल (Bhopal) में 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। इस सम्मेलन में 16 देशों के प्रतिनिधि और 6 देशों के संस्कृति मंत्री (culture minister) भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने स्टेट हैंगर पर मीटिंग ली।
7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन 3 से 5 मार्च 2023 तक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में 3 मार्च को दोपहर 12.15 बजे से शुरू होने वाले शुभारंभ-सत्र में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। शुभारंभ-सत्र में श्रीराम जन्म-भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के स्वामी गोविंददेवगिरि जी महाराज का उद्बोधन भी होगा।
अतिथियों द्वारा “द पेनारोमा ऑफ इंडियन फिलोसपर्स एंड थिंकर्स” पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। प्रथम दिवस के दूसरे-सत्र में इंडिया फाउंडेशन की गवर्निंग कॉउंसिल के सदस्य श्री राम माधव की अध्यक्षता में मिनिस्टर-सत्र में भूटान, श्रीलंका, नेपाल और इंडोनेशिया के संस्कृति मंत्री अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों, विश्वविद्यालय के साथ ही अमेरिका, साउथ कोरिया, थाईलैंड, स्पेन, वियतनाम, मॉरीशस, रशिया, भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, मंगोलिया, फ्रांस आदि देशों से आए विद्वान और शोधार्थी भाग लेंगे।
इस आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी। इनमें मध्यप्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर से दर्शकों को रूबरू कराया जाएगा। इस दौरान जनजातीय नृत्य का आयोजन होगा। देश-विदेश में प्रसिद्धि पा चुके मध्य प्रदेश की धूलिया जनजाति के गुदुंग बाजा का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा मां नर्मदा को समर्पित लोकगीतों की प्रस्तुति भी होगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved