
डेस्क: दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाले 2 भारतीय पर्वतारोही की मौत हो गई है. इनमें से एक वह पर्वतारोही भी है जो माउंट एवरेस्ट पर 2 दिन पहले सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाले 274 पर्वतारोहियों के ग्रुप का हिस्सा थे. एक अधिकारी ने आज शुक्रवार को इस बारे में बताया कि एवरेस्ट की चोटी पर चढ़ने वाले 2 भारतीय पर्वतारोहियों की नीचे उतरते समय मौत हो गई.
नेपाल की तरफ से माउंट एवरेस्ट पर बुधवार को 3 भारतीय समेत 274 पर्वतारोहियों ने सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी, और एक दिन में सबसे अधिक लोगों के चोटी पर चढ़ने का एक नया रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन वापसी के दौरान 2 भारतीय पर्वतारोही की मौत हो गई.
नेपाल के एक्सपीडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन के महासचिव ऋषि भंडारी ने बताया कि भारतीय पर्वतारोही, जिनकी पहचान अरुण कुमार तिवारी और संदीप अरे के रूप में हुई है, चोटी से नीचे उतरते समय बहुत ज्यादा थक गए थे और उनके गाइडों की ओर से पूरी कोशिश करने के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका.
ऋषि भंडारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि अरे बुधवार को और अरुण तिवारी गुरुवार को शाम करीब 5.30 बजे एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि उनके गाइडों ने “बहुत कड़ी मेहनत की” लेकिन वे उन्हें बचा नहीं पाए. अरे की मौत गुरुवार को हुई, लेकिन तिवारी की मौत कब हुई यह साफ नहीं हो सका है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved