
नई दिल्ली। नाइजर के सहारा रेगिस्तान (Niger’s Sahara Registan) से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण 49 लोगों की जान चली गई। मीडिया रिपोर्ट्स (Media Reports) के मुताबिक, रेगिस्तान के बीच एक ट्रक खराब हो जाने के बाद यात्री कई दिनों तक फंसे रहे और प्यास से तड़पकर उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक एक मुस्लिम धार्मिक आयोजन में शामिल होने के बाद माली से लौट रहे थे। यात्रा के दौरान उनका वाहन सहारा के एक दूरदराज इलाके में खराब हो गया। काफी कोशिशों के बावजूद ट्रक दोबारा चालू नहीं हो सका, जिसके बाद यात्री तेज गर्मी और संसाधनों की कमी के बीच फंस गए।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह घटना अगादेज क्षेत्र में हुई, जहां पीड़ितों का समूह Assamaka से करीब 80 किलोमीटर दूर फंस गया था। यह इलाका नाइजर और अल्जीरिया के बीच एक प्रमुख क्रॉसिंग पॉइंट माना जाता है और माली सीमा के नजदीक स्थित है।
प्रशासनिक बयान में कहा गया कि वाहन में मौजूद पानी पूरी तरह खत्म हो चुका था। चालक, उसके सहयोगियों और यात्रियों ने वाहन को ठीक करने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रेगिस्तान के उस क्षेत्र में न तो पीने का पानी उपलब्ध था और न ही भोजन, जबकि तापमान बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका था।
इस दर्दनाक हादसे में दो लोग किसी तरह जीवित बचने में सफल रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों ने भीषण गर्मी के बीच 50 किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल तय की और एक जल स्रोत तक पहुंचे। बाद में उन्होंने अस्सामाका पहुंचकर अधिकारियों को ट्रक खराब होने और यात्रियों के फंसे होने की सूचना दी।
प्रशासन ने बताया कि मृतकों को सामूहिक कब्रों में दफनाया गया है। यह क्षेत्र पहले से ही प्रवासियों और यात्रियों के लिए जोखिम भरा माना जाता है, जहां कठोर मौसम और संसाधनों की कमी के चलते कई जानें जा चुकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved