
भोपाल। हम भाजपा में काम क्यों करते हैं? किस विचार के लिए हम काम करते हैं? भाजपा की पंचनिष्ठाएं क्या हैं? पार्टी की केंद्र एवं राज्य सरकारें अंत्योदय के लिए किस प्रकार गरीबों का जीवनस्तर ऊपर उठाने का काम कर रही हैं? ऐसे ही तमाम सवालों के जवाब कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण वर्ग के दौरान मिलते हैं। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को पार्टी और उसकी विचारधारा की जानकारी देते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पंचशीलनगर मंडल के प्रशिक्षण वर्ग में कही। शर्मा सामान्य प्रशिक्षणार्थी के रूप में इस प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस देश में भ्रम और अस्थिरता फैलाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार ने कृषि संबंधी जो कानून बनाए हैं, वे किसानों के लिए हैं और उनके हित में हैं। इन कानूनों में किए गए प्रावधान किसानों की आय दुगनी करने तथा उन्हें समृद्ध बनाने के लिए हैं। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार कई बार यह स्पष्ट कर चुकी है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू है और आगे भी लागू रहेगा, लेकिन कांग्रेस लगातार किसानों को गुमराह करने का काम कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved