
इंदौर। इंदौर में कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तुकोगंज थाना पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर लोगों से पैसे ऐंठने के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने असिस्टेंट क्लर्क की नौकरी लगाने का झांसा देकर पीड़िता से हजारों रुपए ठग लिए थे।
दरअसल यह मामला इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके परिचित लक्ष्मण मेहरा ने खुद को कोर्ट का कर्मचारी बताते हुए उसे असिस्टेंट क्लर्क के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर पीड़िता से 25 हजार रुपए लिए और उसे नियुक्ति पत्र सौंप दिया। वही जब पीड़िता नियुक्ति पत्र लेकर संबंधित कोर्ट में ड्यूटी जॉइन करने पहुंची तो वहां जांच के दौरान पता चला कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह से फर्जी है।
इसके बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही तुकोगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी लक्ष्मण मेहरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि फर्जी नियुक्ति पत्र रिंकू चौहान नामक महिला ने तैयार किया था, जो एक साइबर कैफे संचालित करती है। इसके बाद पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साइबर कैफे से कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को इस तरह का शिकार बनाया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved