मध्‍यप्रदेश

दो दिन बाद फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, 26 जनवरी के बाद शीतलहर की संभावना

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम लगातार अपना मिजाज बदल रहा है। कभी आसमान में बादल, कभी बारिश तो कभी तेज ठिठुरन भरी सर्दी। अब अधिकांश स्थानों पर सुबह और रात को ठंड महसूस की जा रही है लेकिन दोपहर में तेज़ धूप निकल रही है।



मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद एकबार फिर राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। इसकी वजह यह है कि 22 जनवरी को उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में एक और पश्चिमी विक्षोभ दखल दे सकता है। इससे बादल छाने लगेंगे और न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है, लेकिन दिन का तापमान कम होने लगा है।

राजधानी भोपाल में दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है और तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। ग्वालियर, दतिया, भिंड, शिवपुरी में ठंड अपने तेवर दिखा रही है। वहीं, इंदौर में रात के तापमान में वृद्धि हुई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश से उत्तरी मध्य प्रदेश होकर कोंकण, गोवा तक एक ट्रफ (द्रोणिका लाइन) बना हुआ है। समुद्री क्षेत्र से आ रही दक्षिणी-पश्चिमी हवा 12 किलोमीटर की गति से चल रही है। इस सिस्टम के प्रभाव से वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस वजह से राजधानी सहित प्रदेश के कई स्थानों पर बादल छाने लगे हैं। बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट होने लगी है, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़ने लगे हैं।

साहा ने बताया कि हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। हवा की रफ्तार लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। इस वजह से शाम ढलने के बाद वातावरण में सिहरन बरकरार है। 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के दाखिल होने के बाद फिर मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। इस सिस्टम के असर से हवाओं का रुख बदलने से मध्य प्रदेश में भी वातावरण में नमी बढ़ेगी और बादल छाने लगेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके बाद 26 से 31 जनवरी के बीच एकबार फिर शीतलहर का दौर लौट सकता है।

Share:

Next Post

बढ़त के साथ खुले शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी

Wed Jan 20 , 2021
मुम्बई। विदेशी बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों से घरेलू शेयर बाजार की शुरूआत बुधवार को बढ़त के साथ हुई और आरंभिक कारोबार के दौरान सेंसेक्स 198 अंक उछला। निफ्टी में भी हरे निशान के साथ 14,500 के उपर कारोबार चल रहा था। सेंसेक्स सुबह 9.38 बजे पिछले सत्र से 77.42 अंकों यानी 0.16 फीसदी की […]