img-fluid

इन्दौर में गंदगी के बीच प्रतिबंधित रसायनों से बन रहे थे टोस्ट, दो फैक्ट्री सील

November 11, 2025

  • खाद्य औषधि विभाग ने धार रोड स्थित दो फैक्ट्रियों पर मारा छापा, 905 किलो टोस्ट और रॉ मटेरियल जब्त

इन्दौर। शहर में लगातार सख्ती और कार्रवाई के बाद भी मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री का कारोबार थम नहीं रहा है। कल जिला प्रशासन के नेतृत्व में खाद्य औषधि विभाग ने धार रोड पर दो टोस्ट फैक्ट्रियों पर छापा मारा। यहां भारी गंदगी के बीच टोस्ट बनाए जा रहे थे। यहां से टीम को प्रतिबंधित रसायन सोडियम सेकरीन का आर्टिफिशियल स्वीटनर के रूप में उपयोग का संदेह होने पर फैक्ट्रियों को सील करने के साथ ही 905 किलो टोस्ट और सामग्री जब्त की गई है।

तहसीलदार योगेश मेश्राम के नेतृत्व में कल खाद्य औषधि विभाग की टीम ने धार रोड पर स्थित दो टोस्ट फैक्ट्रियों पर छापा मारा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि ममता नगर स्थित गोल्ड स्टार बेकरी में कई तरह के टोस्ट का निर्माण पाया गया। यहां भारी गंदगी के बीच टोस्ट बनाए जा रहे थे। परिसर में संदिग्ध आर्टिफिसियल स्वीटनर पाया गया।


फैक्ट्री संचालक मोहम्मद अयान मंसूरी ने अधिकारियों को बताया कि उक्त आर्टिफिसियल स्वीटनर टोस्ट में डाला जाता है। अधिकारियों को आशंका है कि यह सोडियम सेकरीन है, जो बच्चों के लिए प्रतिबंधित होने के साथ ही बड़ों के लिए भी अच्छा नहीं माना जाता है। इसके उपयोग से पहले पैकिंग पर इसका विवरण देना भी जरूरी है। आशंका के आधार पर परिसर में निर्माण कर तैयार रखे गोल्ड स्टार प्रीमियम टोस्ट, गोल्ड स्टार उज्जैनिया नंबर 1 टोस्ट, मैदा, मावा पाउडर, पाम आयल, आर्टिफिसियल स्वीटनर, कस्टर्ड पाउडर के कुल 7 सैंपल लिए गए हैं तथा गोल्ड स्टार प्रीमियम टोस्ट, गोल्ड स्टार उज्जैनिया नंबर 1 टोस्ट, मैदा, पाम आयल, कस्टर्ड पाउडर सहित कुल 587 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई, साथ ही फैक्ट्री को सील भी कर दिया गया।

प्रीमिक्स से बना रहा था टोस्ट, इसमें भी सेकरीन होने की आशंका
स्वामी ने बताया कि टीम ने धार रोड पर ही ग्राम बांक में स्थित रेहान फूड प्रोडक्ट्स का भी औचक निरीक्षण किया। यहां भी टोस्ट का निर्माण होता पाया गया। परिसर में टोस्ट निर्माण में प्रयुक्त होने हेतु विभिन्न खाद्य पदार्थ भी संग्रहित पाए गए। परिसर में टोस्ट बनाने के लिए प्रीमिक्स रखा पाया गया। परिसर से मैदा, तैयार टोस्ट और टोस्ट निर्माण में प्रयुक्त होने वाले प्रीमिक्स का नमूना जांच के लिए लिया गया, साथ ही प्रीमिक्स में भी सेकरीन मिला होने की आशंका में यहां से 318 किलोग्राम प्रीमिक्स और 200 पैकेट टोस्ट जब्त की गई। सभी सैंपलों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

  • इंदौर में आवारा कुत्तों की धरपकड़ शुरू, हाथोहाथ टीकाकरण भी

    Tue Nov 11 , 2025
    कलेक्टर ने दिए सुप्रीम कोर्ट आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश, एयरपोर्ट, स्टेशन, स्कूल-कॉलेज, खेल मैदानों से निगम ने शुरू की कार्रवाई इंदौर। सुप्रीम कोर्ट ने अभी आवारा कुत्तों को लेकर जो नए दिशा-निर्देश पूरे देश को लेकर जारी किए और मुख्य सचिवों को तलब भी किया था, जिसके चलते अब इंदौर में […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved