
डिपार्चर हॉल में अंतिम तैयारियां, यात्रियों को मिलेगा सस्ता और गुणवत्तापूर्ण नाश्ता
इंदौर। केंद्र सरकार (Central government) की पहल पर हवाई यात्रियों (air passengers) को किफायती दरों पर भोजन (Meal) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई उड़ान यात्री कैफे (‘Udaan Yatri Cafe’) योजना अब इंदौर एयरपोर्ट (Indore Airport) पर भी लागू होने जा रही है। डिपार्चर हॉल में कैफे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और 1 अप्रैल से इसकी शुरुआत की योजना है। इसके शुरू होते ही यात्रियों को एयरपोर्ट पर काफी कम कीमत पर चाय-नाश्ता और हल्का भोजन उपलब्ध होगा।
10 रुपए में चाय-पानी, 20 रुपए में समोसा-कचोरी
उड़ान यात्री कैफे का उद्देश्य- एयरपोर्ट पर मिलने वाले महंगे खाद्य पदार्थों के विकल्प के रूप में सस्ती दरों पर बेसिक फूड उपलब्ध कराना है। संभावित दरें इस प्रकार होंगी-
चाय -10 रुपए
कॉफी-20 रुपए
पानी की बोतल -10 रुपए
समोसा / वडा पाव-20 रुपए
कचोरी / पकोड़ा -20 रुपए
सैंडविच-30 रुपए
इडली-सांभर-30 रुपए
पोहा / उपमा जैसे हल्के नाश्ते-20-30 रुपए
बेसिक थाली या हल्का भोजन- 50 रुपए तक
(दरें सरकारी गाइडलाइन के अनुसार नियंत्रित रहेंगी और सामान्य एयरपोर्ट कीमतों से काफी कम होंगी।)
क्यों शुरू की गई यह योजना
देश के अधिकांश एयरपोर्ट पर खाने-पीने की वस्तुएं महंगी होने की शिकायतें लंबे समय से मिलती रही हैं। खासकर इकोनॉमी क्लास यात्रियों, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बनता था। इसी समस्या के समाधान के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उड़ान योजना की भावना के अनुरूप यात्री कैफे योजना की शुरुआत की है, ताकि यात्रियों को किफायती दर पर अच्छा खाना-पीना मिल सके।
सभी एयरपोर्ट पर सफल रहा प्रयोग
देश के कई हवाई अड्डों पर इस प्रकार के किफायती फूड काउंटर शुरू किए जा चुके हैं, जहां यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इंदौर एयरपोर्ट पर इसकी शुरुआत होने से यहां से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved