
कीव। रूस और यूक्रेन (Russia and Ukraine) के बीच जारी युद्ध (war) में तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। यूक्रेन ने रूस के भीतर लंबी दूरी के ड्रोन हमलों (Drone Attacks) को और तेज करते हुए रविवार को दक्षिणी रूस में स्थित एक बड़ी तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिससे वहां आग लग गई। इसी बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार देश में ईंधन की कमी की बात स्वीकार की है।
यूक्रेन का दावा: दो रिफाइनरियां बनीं निशाना
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनके देश के ड्रोन हमलों में रूस की दो तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया गया है। उनके अनुसार ये हमले रूस की सैन्य और आर्थिक क्षमता को कमजोर कर रहे हैं और शांति की दिशा में दबाव बना रहे हैं।
रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में आग
रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र के स्लाव्यांस्क-ना-कुबानी स्थित एक प्रमुख तेल रिफाइनरी पर ड्रोन गिरने के बाद आग लग गई। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि ड्रोन के मलबे के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हुआ है। यह रिफाइनरी हर साल लगभग 40 लाख टन कच्चे तेल का प्रसंस्करण करती है और यहां से काला सागर बंदरगाहों के जरिए पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात होता है।
जेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि यारोस्लाव क्षेत्र की एक अन्य रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया है, हालांकि रूसी अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रूस में ईंधन संकट के संकेत
पिछले कुछ महीनों से यूक्रेन रूस के ऊर्जा ढांचे और तेल ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है, जिसका असर अब साफ दिखाई देने लगा है। कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल की कमी दर्ज की गई है। कुछ क्षेत्रों में ईंधन की बिक्री पर सीमा तय कर दी गई है और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
साइबेरिया के इरकुत्स्क क्षेत्र में सरकारी तेल कंपनी ने प्रति वाहन प्रतिदिन केवल 50 लीटर ईंधन की सीमा तय की है। वहीं रूस के उपप्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने कहा है कि घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ईंधन निर्यात समझौतों की समीक्षा की जा रही है।
पुतिन का बयान और युद्ध पर असर
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि यूक्रेन का उद्देश्य रूस के भीतर असंतोष पैदा करना और सैन्य बढ़त को प्रभावित करना है, लेकिन उनका दावा है कि इन हमलों का युद्ध के मोर्चे पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन ने संघर्ष को सीमित करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे रूस ने स्वीकार नहीं किया।
दोनों तरफ से हमले जारी
इस बीच दोनों देशों के बीच हमलों का सिलसिला जारी है। यूक्रेन के दक्षिणी शहर जापोरिज्जिया पर रूसी बमबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हुए, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में 213 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। वहीं यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार रूस ने 142 ड्रोन और 8 मिसाइलें दागीं, जिनमें से अधिकांश को नष्ट कर दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved