विदेश

युद्ध के बीच यूक्रेन ने शुरू किया अनाज का निर्यात, लेबनान भेजा 26,000 टन मक्का


कीव। भुखमरी के संकट से जूझ रहे कई देशों के लिए युद्धग्रस्त यूक्रेन से अच्छी खबर आई है। दरअसल यूक्रेन ने अनाज का निर्यात फिर से शुरू कर दिया है। खबर है कि रूसी आक्रमण के बाद पहली बार यूक्रेन से अनाज ले कर एक जहाज उसके ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो गया है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि मालवाहक जहाज ‘रजोनी’ पर सिएरा लियोन (पश्चिमी अफ्रीकी देश) का झंडा लगा था।

जाहज ओडेसा के बंदरगाह से लेबनान के लिए रवाना हुआ। संयुक्त राष्ट्र के एक बयान के अनुसार, जहाज 26,000 टन से अधिक मक्का ले जा रहा है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जहाज के मंगलवार को इस्तांबुल पहुंचने की उम्मीद है, जहां उसकी जांच की जाएगी। इसके बाद उसे आगे रवाना किया जाएगा। यह मक्का लेबनान भेजा जा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने यूक्रेन से अनाज निर्यात का स्वागत किया। उन्होंने इसे “एक सामूहिक उपलब्धि” बताया। संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने एक बयान में कहा, “महासचिव 26 फरवरी 2022 के बाद से यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से पहले कॉमर्शियल जहाज एम/वी रजोनी के प्रस्थान का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।” उन्होंने कहा कि मौजूदा अनाज और खाद्य पदार्थ वैश्विक बाजारों में जा सकें यह सुनिश्चित करना एक मानवीय जरूरत है।


इससे पहले यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने कहा, ”आज यूक्रेन, अपने साझेदारों के साथ दुनिया को भुखभरी से बचाने के लिए एक और कदम उठा रहा है।” उन्होंने कहा कि इससे यूक्रेन को भी मदद मिलेगी। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 22 जुलाई को इस्तांबुल में किए गए सौदों के अनुरूप अन्य जहाज भी सुरक्षित गलियारों के माध्यम से यूक्रेन के बंदरगाहों से रवाना होंगे। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में अधिक जानकारी मुहैया नहीं कराई।

गौरतलब है कि रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और तुर्की के रक्षा मंत्री हुलुसी अकार के साथ इस सिलसिले में अलग-अलग समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता यूक्रेन को 2.2 करोड़ टन अनाज और अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात करने की अनुमति देता है। यह अनाज युद्ध के चलते काला सागर के बंदरगाहों पर फंसा हुआ है। सौदा रूस को अनाज और उर्वरक निर्यात करने की भी अनुमति देता है।

Share:

Next Post

PNB ने महीने के पहले ही दिन ग्राहकों को दिया तगड़ा झटका, बढ़ जाएगी EMI की दरें

Mon Aug 1 , 2022
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपने ग्राहकों को तगड़ा झटका दिया है। पब्लिक बैंक ने आज 1 अगस्त, 2022 से फंड-बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में 10 बेसिस प्वांइट्स (BPS) की वृद्धि की है। इस बढ़ोतरी के बाद लोन लेना महंगा हो जाएगा और ईएमआई की दरें पहले से ज्यादा बढ़ जाएंगी। जानिए क्या […]