चंबा। बारिश के बीच हिमाचल (Rain Himachal) के पहाड़ी रास्तों पर चल रही एक सरकारी बस में लापरवाही और मजबूरी की तस्वीर सामने आई। चंबा से होली (Chamba to Holi) जा रही बस में छत से पानी टपकने लगा तो चालक ने एक हाथ में छाता पकड़ा और दूसरे हाथ से स्टीयरिंग संभालते हुए बस चलाई। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा दांव पर लगी रही।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह तेज बारिश के बीच यह बस चंबा से होली की ओर रवाना हुई थी। रास्ते में बस की छत से पानी टपकने लगा, जिससे चालक को खुद भीगने से बचने के लिए छाता पकड़ना पड़ा। ऐसे में वह एक हाथ से ही बस चला रहा था। पहाड़ी मार्ग पर इस तरह ड्राइविंग को लेकर यात्रियों में डर बना रहा, हालांकि चालक ने उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचा दिया।
यात्रियों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। बारिश के दौरान अक्सर बसों की छत से पानी टपकता है। उनका कहना था कि सरकारी बसों में सफर करना मजबूरी है, क्योंकि कई रूटों पर निजी बसें नहीं चलतीं। ऐसे में खराब हालत वाली बसों में यात्रा करनी पड़ती है। यात्रियों ने कहा कि कई बार उन्हें खुद छाता लेकर बैठना पड़ता है, वरना पूरा सफर भीगते हुए गुजरता है।
यात्रियों का आरोप है कि बसें काफी पुरानी और खटारा हो चुकी हैं। रविवार को भी निजी बसें नहीं चलने के कारण अधिकतर यात्री सरकारी बस पर ही निर्भर थे। इस वजह से जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ी।
वहीं परिवहन निगम के अधिकारियों ने भी बसों की खराब स्थिति स्वीकार की है। उनका कहना है कि डिपो की बसें काफी पुरानी हो चुकी हैं और नई बसों की मांग सरकार से की जाएगी। यात्रियों ने जल्द नई बसें उपलब्ध कराने की मांग उठाई है, ताकि ऐसे खतरनाक हालात से बचा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved