
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Union Home Minister Amit Shah and Defence Minister Rajnath Singh) ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए (Paid Tribute to Birsa Munda on his 150th Birth Anniversary) । उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन और मातृभूमि की रक्षा के प्रति उनके अटूट संकल्प को नमन किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद कहा, “भगवान बिरसा मुंडा जी केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं।” उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज पूरा देश हर्षोल्लास से उनकी 150वीं जयंती और ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मना रहा है। उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर स्वतंत्रता आंदोलन और मातृभूमि की रक्षा के प्रति उनके अटूट संकल्प को नमन किया।”
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें नमन करते हुए कहा, “उनका जीवन केवल एक संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि साहस, स्वाभिमान और जनजातीय समाज के अधिकारों के आंदोलन से जुड़ा एक ऐतिहासिक अध्याय है। आज उनकी जयंती पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनायी जा रही है, जो उनकी और हमारे देश के आदिवासी समाज की विरासत का सम्मान है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने व राष्ट्रहित और कर्तव्यपथ पर चलने के लिए निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।”
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। जेपी नड्डा ने लिखा, “नई दिल्ली में ‘धरती आबा, भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जन्मजयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। अपने शौर्य और पराक्रम से जनजातीय समुदाय को संगठित कर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया। ‘जल, जंगल और जमीन’ और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा जी का व्यक्तित्व और कृतित्व हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।”
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved