
नई दिल्ली. अमेरिका (US) और ईरान (Iran) के बीच जारी सैन्य टकराव लगातार और गंभीर होता जा रहा है. अमेरिकी सेना ने लगातार नौवीं रात (9th consecutive night) ईरान पर नए हवाई हमले (Airstrikes) किए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति के सीधे निर्देश पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अमेरिकी समयानुसार, शाम 7 बजे एक बार फिर ईरान के खिलाफ हवाई हमलों का नया और बड़ा मोर्चा खोल दिया. यह लगातार 9वीं ऐसी रात है जब अमेरिकी फाइटर जेट्स और मिसाइलों ने ईरान पर भारी बमबारी की है.
सेंटकॉम ने साफ किया है कि इन हमलों का एकमात्र मकसद होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक नाविकों पर हमला करने वाली ईरानी सैन्य क्षमताओं को पूरी तरह से नेस्तनाबूद करना है.
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी हमलों में उत्तर-पश्चिमी शहर तबरीज समेत कई इलाकों को निशाना बनाया गया. वहीं ईरानी मीडिया ने दक्षिणी प्रांत होरमोज़गान और बुशेहर में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने की पुष्टि की है. ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी शहर चाबहार में भी कई विस्फोट हुए, जिसके बाद कोनारक क्षेत्र में ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए.
इस भीषण गोलाबारी के बीच ब्रिटिश सेना ने एक बेहद चिंताजनक इनपुट साझा किया है. ब्रिटिश नौसेना के मुताबिक, ओमान के तट के करीब होर्मुज में एक बड़े व्यापारिक जहाज में भीषण आग लग गई है और वह धू-धू कर जल रहा है.हालांकि आग लगने की वजह और जहाज की पहचान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. आशंका जताई जा रही है कि यह जहाज ईरान या अमेरिका समर्थित बलों के हमले का शिकार हुआ है.
इस बीच क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए बहरीन की राजधानी मनामा स्थित अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया है. दूतावास ने कहा है कि उसे ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि ईरान मध्य मनामा के कुछ अज्ञात स्थानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है. अमेरिकी नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved