
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और अमेरिका (US) के राष्ट्रपति ( President) डोनाल्ड ट्रंप ( Donald Trump) के बीच लंबी फोन वार्ता हुई है. रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी ने ट्रंप से 40 मिनट तक फोन पर बात की है. पीएम मोदी और ट्रंप के बीच ईरान (Iran) सीजफायर के बाद ये पहली बातचीत है. प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच ये वार्ता तब हुई है जब ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से ब्लॉक करने का ऐलान किया है.
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस बातचीत के बारे में बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा कि वे यह बताना चाहते हैं कि अमेरिका भारत से प्यार करता है. प्रधानमंत्री मोदी ने इस फोन वार्ता की जानकारी देते हुए कहा कि इस बातचीत के दौरान द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की गई. इसके अलावा दोनों के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई. पीएम मोदी ने कहा कि इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया गया.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फ़ोन आया. हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की. हम सभी क्षेत्रों में अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और ‘हॉर्मुज स्ट्रेट’ को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया.”
गौरतलब है कि ईरान सीजफायर के बाद पाकिस्तान की अगुआई में हुई शांति वार्ता फेल हो चुकी है. इस्लामाबाद में पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों ने 21 घंटे तक ईरान युद्ध, उसके प्रभावों और उसके बाद शांति बहाली की कोशिशों पर चर्चा की, लेकिन इस वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी से लंबी बातचीत की है.
इससे पहले पीएम मोदी और ट्रंप के बीच 24 मार्च को बातचीत हुई थी. इस बातचीत में भी दोनों नेताओं ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने पर चर्चा की थी. 24 मार्च के बाद 14 अप्रैल को दोनों नेताओं ने बातचीत की है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved