
अहमदाबाद: कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज के साथ गुजरात टाइटंस का तेज गेंदबाजी आक्रमण देखने में तो बहुत खतरनाक लगता है. लेकिन शनिवार को आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच पर ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव सूर्यवंशी की असली परीक्षा होगी. पंद्रह साल के सूर्यवंशी ने आईपीएल के अपने दूसरे सीजन की शानदार शुरुआत की थी. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था जिससे उनकी टीम ने 127 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था. यह मैच मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा.
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फिर से आक्रामक खेलने की कोशिश करेंगे, लेकिन गुजरात टाइटंस का गेंदबाजी आक्रमण बहुत मजबूत है जिसमें रबाडा, सिराज और प्रसिद्ध जैसे तेज गेंदबाज हैं. इस मैच में टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल से बेहतर रणनीति की उम्मीद की जाएगी क्योंकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में टीम की हार के दौरान उनके कुछ फैसलों की आलोचना हुई थी. उस मैच में सिराज को सिर्फ दो ओवर दिए गए थे और प्रसिद्ध को 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए लाया गया था.
बल्लेबाजी की बात करें तो नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है, जहां वे खुलकर खेल सकते हैं. टूर्नामेंट में अब तक सभी टीमों ने लक्ष्य का पीछा करना ही पसंद किया है. राजस्थान रॉयल्स के पास नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर जैसे दो अच्छे तेज गेंदबाज हैं और वे गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को शुरुआती ओवरों में चुनौती देना चाहेंगे. गुजरात टाइटंस की समस्या यह है कि उनकी टीम अपने टॉप तीन बल्लेबाजों पर बहुत ज्यादा निर्भर है.
कप्तान गिल (27 गेंदों में 39 रन) और बटलर (33 गेंदों में 38 रन) दोनों ही पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने रंग में नहीं दिखे. सुदर्शन (11 गेंदों में 13 रन) भी चोट से उबरने के बाद लय पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं. शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया के साथ उनका मिडिल ऑर्डर भी उतना भरोसेमंद नहीं है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अगर टाइटंस पहले बल्लेबाजी करते हैं तो उन्हें कम से कम 220 रन बनाने होंगे ताकि उनके गेंदबाज सूर्यवंशी पर दबाव बना सकें. अगर वे लक्ष्य का पीछा करते हैं तो उन्हें विपक्षी टीम को 200 रन के अंदर रोकना होगा. पिछले दो सीजन में डेथ ओवरों में उनकी बल्लेबाजी खास असरदार नहीं रही है.
तेवतिया शुरुआत से ही आक्रामक नहीं दिखे हैं. शाहरुख को अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के सामने तकनीकी दिक्कतें हैं और यह हैरानी की बात है कि आशीष नेहरा जैसे कोच ने उनका कोई अच्छा विकल्प नहीं ढूंढा है. रॉयल्स की बात करें तो कागज पर टीम बहुत अच्छी दिखती है, लेकिन असम के रियान पराग को कप्तान बनाने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे भारतीय स्टार खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया है.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. जहां हाल ही में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था. यहां अब तक खेले गए 38 आईपीएल मैचों के आंकड़े बताते हैं कि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का दबदबा रहा है, जिनका जीत का प्रतिशत 61 प्रतिशत है. इस मैदान पर औसत स्कोर 183 रन है, जो एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले का संकेत देता है. हालांकि, पिच पेसर्स के लिए भी अनुकूल है, जो शुरुआती ओवरों में अपनी गति और उछाल से चुनौती पेश कर सकते हैं. कुल मिलाकर शनिवार को यहां बल्ले और गेंद के बीच एक संतुलित और रोमांचक संघर्ष देखने को मिलेगा.
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें 8 बार भिड़ चुकी हैं जहां छह मैचों में गुजरात जीता है वहीं दो मैचों में राजस्थान रॉयल्स की टीम विजयी रही है. आंकड़ों में गुजरात का पलड़ा भारी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved