
भोपाल। जहांगीराबाद पुलिस की गिरफ्त में आए वाहन चोरों को पुलिस ने पूछताछ के बाद में जेल भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को जहांगीराबाद पुलिस थाने की टीम स्लाटर हाउस के पास मजार के सामने वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक और एक स्कूटर पर सवार दो लड़के एमपी नगर की तरफ से आते हुए दिखाई पड़े। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों वाहन मोड़कर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम सोमपाल कुचबंदिया निवासी इतवारा और सनव्वर खान निवासी अहमदपुर सीहोर बताया। वाहनों के बारे में पूछताछ करने पर पहले तो उन्होंने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन जब थाने लाकर पूछताछ की गई तो दोनों ने उक्त वाहन चोरी के होना बताया। बाद में पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पांच और अन्य वाहन बरामद किए। जब्त हुए वाहनों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved