
इंदौर। इंदौर (Indore) के सविंद नगर सब्जी मंडी (Savind Nagar Vegetable Market) को लेकर सोमवार को सब्जी विक्रेताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। वर्षों पुरानी इस मंडी को हटाने के विरोध में सभी सब्जी विक्रेताओं ने एकजुट होकर नगर निगम (Municipal Council) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और “नगर निगम मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
विक्रेताओं का कहना है कि नगर निगम द्वारा कुछ दिनों पहले अचानक कार्रवाई करते हुए उनके ठेले जब्त कर लिए गए और मंडी लगने पर रोक लगा दी गई। इससे दर्जनों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन कर रहे विक्रेताओं ने मांग की कि उनके जब्त किए गए ठेले तत्काल वापस किए जाएं और उन्हें मंडी लगाने के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए।
विक्रेताओं के अनुसार, सविंद नगर की यह सब्जी मंडी करीब 50 साल पुरानी है और आसपास के रहवासियों के लिए यह मंडी बेहद सुविधाजनक रही है। अचानक मंडी हटाने से जहां विक्रेताओं को नुकसान हो रहा है, वहीं क्षेत्र के रहवासियों को भी सब्जी खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम की ओर से सब्जी विक्रेताओं को रिंग रोड स्थित ब्रिज के नीचे वैकल्पिक स्थान देने की बात कही गई है, लेकिन विक्रेताओं का कहना है कि वह स्थान उनके लिए उपयुक्त नहीं है और वहां ग्राहकों की पहुंच भी कम रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान विक्रेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में माहौल गरमाया हुआ है और सभी की नजरें नगर निगम के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved