img-fluid

शेख हसीना की वापसी की चर्चाओं के बीच बांग्लादेश में भड़की हिंसा, बीएनपी कार्यालय फूंका; बस में जिंदा जला चालक

November 11, 2026

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की संभावित स्वदेश वापसी की चर्चाओं के बीच देश के कई हिस्सों (parts) में हिंसा भड़क उठी। अवामी लीग समर्थकों और विरोधियों के बीच हुई झड़पों में बसों और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। देसी बम धमाकों और तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच खगड़ाछड़ी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक वार्ड कार्यालय को भी फूंक दिया गया। वहीं, फरीदपुर में बस में सो रहे चालक की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह अन्य को हिरासत में लिया गया है।



  • हिंसा की घटनाएं सोमवार देर रात राजधानी ढाका समेत कई जिलों में शुरू हुईं और मंगलवार सुबह तक जारी रहीं। पुलिस ने इन घटनाओं के लिए शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

    पुलिस के अनुसार, मंगलवार तड़के अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शरियतपुर जिले में पद्मा ब्रिज के दक्षिणी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। इस दौरान देसी बम फोड़े गए और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इससे पुल पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

    उत्तरी जिले नेत्रकोणा के मोहनगंज रेलवे स्टेशन पर खड़ी अंतरप्रांतीय ट्रेन हाओर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में भी आग लगा दी गई। हालांकि, रेलवे और दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।

    अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह हसीना के गृहनगर तुंगीपारा में पुलिस और प्रतिबंधित छात्र संगठन छात्र लीग तथा अवामी लीग कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस दौरान पुलिस के एक वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। ढाका-खुलना राजमार्ग पर पेड़ काटकर यातायात बाधित करने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने पेड़ों को हटाकर रास्ता खुलवा दिया।

    अनवारा में ग्रामीण बैंक की एक शाखा पर बम फेंके जाने से दस्तावेज जल गए। वहीं, रंगामाटी में अदालत और तीन शिक्षण संस्थानों के मुख्य द्वारों पर रात में ताले लगा दिए गए।

    हिंसा ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश सरकार शेख हसीना की ओर से नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किए जाने संबंधी खबरों की जांच कर रही है।

    भारत से प्रत्यर्पण की मांग पर कायम है बांग्लादेश

    शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने के बाद से भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने जुलाई-अगस्त 2024 के प्रदर्शनों के दौरान नरसंहार और मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। उनकी अनुपस्थिति में चले मुकदमे में अदालत ने एक मामले में मृत्युदंड और दूसरे में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

    इस साल फरवरी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सत्ता में आने और तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बावजूद भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग जारी है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि वह उन्हें वापस लाने के प्रयासों पर कायम है।

    मृत्युदंड के फैसले को चुनौती देने का विकल्प नहीं : अभियोजक

    अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि शेख हसीना के पास मृत्युदंड के फैसले के खिलाफ कानूनी रूप से कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। उन्हें अदालत के फैसले का सामना करना होगा। न्यायाधिकरण ने छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक प्रदर्शनों और मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया था।

    Share:

  • पीट हेगसेथ को मिली राहत, महाभियोग की कोशिश नाकाम, ट्रंप बोले- वे महान अमेरिकी देशभक्त हैं

    Wed Nov 11 , 2026
    वॉशिंगटन। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (US Secretary of Defense Pete Hegseth) के खिलाफ महाभियोग (Impeachment) चलाने की कोशिश फिलहाल नाकाम हो गई है। मंगलवार को प्रतिनिधि सभा में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन सांसदों (Republican MP) ने एकजुट होकर उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया आगे बढ़ने से रोक दी। सदन में महाभियोग के आठ प्रस्तावों को रिपब्लिकन […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved