अबुजा। नाइजीरिया (Nigeria) के उत्तर-मध्य क्षेत्र में अज्ञात बंदूकधारियों ने तीन गांवों पर हमला कर कम से कम 15 लोगों की हत्या कर दी। मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल (Human rights organization Amnesty International) ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद भयावह बताया है।
मोटरसाइकिलों पर पहुंचे हमलावर, की अंधाधुंध फायरिंग
रिपोर्ट के अनुसार, हमला शनिवार को नाइजर राज्य के बोरगु इलाके के ताशन माजे, सादुरो और रुंतुावा गांवों में हुआ। दर्जनों मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावर गांवों में घुसे और चारों ओर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान दुकानों को लूटा गया और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि इन इलाकों के लोग लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं।
अमेरिका की भूमिका पर भी चर्चा
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में नाइजीरिया में ईसाइयों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, हालांकि नाइजीरियाई सरकार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। विशेषज्ञों का कहना है कि वहां की हिंसा धार्मिक से अधिक जटिल सामाजिक और आपराधिक कारणों से जुड़ी है और सभी समुदाय इसके शिकार हो रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने पिछले महीनों में उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकियों के खिलाफ हवाई कार्रवाई की थी और अब स्थानीय सेना को आतंकवाद-रोधी प्रशिक्षण देने में सहयोग किया जा रहा है।
सेना का दावा-आतंकियों पर कार्रवाई तेज
नाइजीरियाई सेना ने बताया कि पिछले 24 घंटों में अभियान चलाकर 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, चोरी का कच्चा तेल, मादक पदार्थ और लूटा गया मवेशी बरामद किया गया है। सेना का कहना है कि देशभर में आतंकवादी और आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved