
इंदौर। बेटमा में जिस महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया गया, उसके बारे में बताया जा रहा है कि वह 6 माह पहले घर से भाग गई थी। वह जिसके साथ भागी थी, बाद में उस पर उसने दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाकर जेल पहुंचाया था, लेकिन वह दुष्कर्मी के साथ ही रहना चाहती थी। उल्लेखनीय है कि परसों रात ग्राम माचल में संजूकुंवर बाई की पति दिलीप ने गला घोंटकर हत्या कर दी थी और बाद में साक्ष्य छुपाने की दृष्टि से उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। पुलिस के संज्ञान में जब बात आई तो ताबड़तोड़ श्मशान पहुंची, लेकिन तब तक सबकुछ खत्म हो चुका था। पुलिस ने उसके अवशेष को जब्त कर फोरेंसिक लैब भेजा है। पति ने स्वीकार किया कि 6 माह पूर्व वह गांव के ही अमरसिंह के साथ भाग गई थी। बाद में उसके खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज कराया था। इस मामले में अमरसिंह जेल में बंद है। पत्नी आगे उसके साथ रहना चाहती थी, इसलिए मार दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved