नई दिल्ली। पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व कप्तान और महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram) ने जेल में बंद अपने पूर्व साथी इमरान खान (Imran Khan) की सेहत को लेकर चिंता जताई है। अकरम ने कहा कि इमरान के साथ राजनीतिक स्तर पर जो कुछ हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन उनकी सेहत के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
इमरान खान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के 1992 विश्व कप विजेता कप्तान रहे हैं। भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद वह 2022 से जेल में हैं। हालांकि, इमरान लगातार अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार करते रहे हैं।
वसीम अकरम ने ‘द एथलेटिक’ से बातचीत में कहा कि उन्होंने करीब तीन साल से इमरान खान से बात नहीं की है। उन्होंने कहा कि इमरान के साथ राजनीतिक तौर पर जो कुछ हो रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
अकरम ने कहा कि अदालत अपना काम करती है, लेकिन इमरान की सेहत का सवाल अलग है और इस मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि इमरान दोषी हैं या नहीं और जेल में हैं या नहीं, इन बातों से अलग उनकी सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहर से यह स्पष्ट नहीं है कि वास्तव में जेल के अंदर इमरान की स्थिति क्या है।
अकरम ने कहा कि सरकार उनकी सेहत ठीक होने की बात कह रही है, लेकिन वह व्यक्तिगत तौर पर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, “मुझे उनकी बहुत याद आती है।”
इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की मुहिम को हाल में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा का भी समर्थन मिला था।
इससे पहले करीब 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खुला पत्र लिखकर इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की थी।
अकरम ने कहा कि इंग्लैंड और कुछ अन्य जगहों पर इमरान खान की स्थिति बेहतर करने के लिए अभियान चल रहा है, लेकिन पाकिस्तान में ऐसा हो रहा है या नहीं, वह निश्चित तौर पर नहीं कह सकते।
उन्होंने कहा कि वह एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर अपनी बात रख रहे हैं, जो इमरान के स्वास्थ्य को लेकर दिल से चिंतित है।
इमरान खान के लंबे समय तक साथी रहे पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने भी हाल में उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई थी। हालांकि पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों में इमरान के समर्थन में खुलकर बोलने वाले दिग्गजों की संख्या अब भी सीमित है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved