
नई दिल्ली । पश्चिमी विक्षोभ से (Due to Western Disturbance) देशभर में मौसम फिर करवट लेगा (Weather across the Country is set to take Another Turn) ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से अगले सप्ताह दिल्ली-एनसीआर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। यह मौसम प्रणाली कई उत्तरी राज्यों के मौसम को प्रभावित कर सकती है, हालांकि मैदानी इलाकों पर इसका असर सीमित रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में 8 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है और अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है। इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। दिल्ली में एक्यूआई 463 दर्ज किया गया जबकि नोएडा में यह 456 और ग्रेटर नोएडा में 426 रहा। गुरुग्राम और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य प्रमुख शहरों में भी प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है।
मौसम से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश तट को पार करने के बाद कमजोर पड़ गया है। हालांकि, इसके कमजोर होने के बावजूद दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, विशेषकर तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में 8 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर का मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा और हवाएं चलती रहेंगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
अगले सप्ताह तापमान में और गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही सुबह के समय कोहरे में भी वृद्धि हो सकती है। वहीं, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी तमिलनाडु के ऊपर सक्रिय चक्रवाती प्रणाली के कारण दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में वर्षा गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और कराईकल में 8 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जहां दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, वहीं दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में 8 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बने रहने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved