
कोलकाता. पश्चिम बंगाल (West Bengal) की राजनीति (Politics) के लिए आज यानी 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने जा रही है। नंदीग्राम और भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल मुकाबलों में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को मात देने वाले शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) अब बंगाल की कमान संभालेंगे। कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
15 साल के अत्याचार के बाद आएगा सुशासन- भाजपा कार्यकर्ता
कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एक भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि राज्य में 15 वर्षों के अत्याचार के बाद अब सुशासन आने जा रहा है।
शपथ ग्रहण में शामिल होने कोलकाता रवाना हुए सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आज कोलकाता रवाना हो गए। पश्चिम बंगाल में आज भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कोलकाता में आयोजित होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
आजादी के बाद पहली बार बंगाल में BJP सरकार
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी आज राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आजादी के बाद यह पहली बार होगा जब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और कोई भाजपा नेता मुख्यमंत्री पद संभालेगा।
शमीक भट्टाचार्य बोले- जनता ने जंगलराज उखाड़ फेंका
पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में पार्टी नेताओं ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया है। राज्य भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि यह सिर्फ भाजपा का सपना नहीं था, बल्कि लाखों भाजपा कार्यकर्ताओं की वर्षों की आकांक्षा थी।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती पर अब श्यामा प्रसाद के विचारों वाली सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि अगले दिन मुख्यमंत्री शपथ लेंगे और यह पल भाजपा कार्यकर्ताओं के जीवन के सबसे बड़े क्षणों में से एक है। समीक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने ‘जंगलराज’ को उखाड़ फेंका है और यह लोकतंत्र की बड़ी जीत है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता ने बदलाव के पक्ष में जनादेश दिया है और भाजपा सरकार विकास व सुशासन के एजेंडे पर काम करेगी। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी को शपथ ग्रहण समारोह में प्रोटोकॉल के तहत आमंत्रित किया गया है।
‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना हुआ पूरा’, बंगाल में BJP की जीत पर बोले दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बीच पार्टी नेता दिलीप घोष ने इसे लंबे राजनीतिक संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव के लिए भाजपा ने वर्षों तक संघर्ष किया और आखिरकार जनता ने परिवर्तन के पक्ष में मतदान किया।
दिलीप घोष ने कहा कि यह जनादेश भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने वाला है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने टीएमसी और कांग्रेस को सत्ता के दुरुपयोग और लोगों पर अत्याचार करने के कारण नकार दिया। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य की जनता ने दोनों दलों को करारा जवाब देते हुए भाजपा को सत्ता सौंपी है।
शुभेंदु का शपथ ग्रहण: खास मेहमानों को न्योता, जानिए कौन-कौन शामिल
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने के लिए दिग्गजों का जमावड़ा लगेगा। इस भव्य आयोजन में उद्योग जगत से संजय बुधिया और सज्जन भजंका जैसे बड़े नाम शामिल होंगे, तो वहीं सांस्कृतिक क्षेत्र से प्रख्यात अभिनेत्री ममता शंकर और टॉलीवुड की कई फिल्मी हस्तियां अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की रौनक बढ़ाएंगी। इतना ही नहीं, समारोह की गरिमा को बढ़ाने के लिए न्यायपालिका से जुड़े कई वर्तमान और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे यह आयोजन राजनीति, व्यापार और कला का एक अनूठा संगम बनने जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved