
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मुर्शिदाबाद (Murshidabad) के जंगीपुर में रामनवमी जुलूस (Ram Navami Procession) के दौरान शुक्रवार को हिंसा भड़क उठी। इस दौरान, दो ग्रुपों में झड़प, तोड़फोड़ और ईंट-पत्थर चलने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस और सेंट्रल फोर्स के जवान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस का दावा है कि हालात को काबू पा लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामनवमी के मौके पर रघुनाथगंज में मैकेंजी फील्ड से जुलूस निकला था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए थे। इसी दौरान, जब जुलूस फूलतला चौराहे पर पहुंचा तो उस पर हमले का आरोप लगाया गया। दावा किया गया कि पास की छत से जुलूस पर पत्थरबाजी हुई। इससे कुछ लोग घायल हो गए। वहीं, रघुनाथगंज शहर से गुजरने के दौरान फिर से जुलूस पर हमला बोला गया। इससे हिंसा भड़क गई। तुरंत पुलिस ने मोर्चा संभाला और अब हालात ठीक हैं।
पश्चिम बंगाल पुलिस के अलावा सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) की टीमें भी तैनात की गई हैं। पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मुर्शिदाबाद के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) अजीत सिंह यादव ने कहा, “हालात अब कंट्रोल में हैं। हमने कई लोगों को गिरफ्तार और हिरासत में लिया है। चिंता न करें। पहले हम जांच कर लें, उसके बाद हम और जानकारी देंगे।”
बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को होगी, जबकि दूसरी चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। चार मई को अन्य राज्यों के साथ नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में प्रमुख तौर पर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला है, जबकि कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां भी पूरे जोर-शोर से चुनाव लड़ रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved