
नई दिल्ली। बॉलीवुड(Bollywood) में कई बार एक ही नाम से फिल्में बनती हैं, लेकिन बहुत कम ऐसा होता है कि एक ही टाइटल बार-बार बॉक्स ऑफिस(box office)पर धमाल मचाए। आज हम बात कर रहे हैं फिल्म डॉन (Don)की, जो पिछले कई दशकों में चार बार अलग-अलग रूप में दर्शकों के सामने आई। दिलचस्प बात यह है कि इनमें से तीन फिल्मों ने शानदार सफलता हासिल की, जबकि एक फिल्म पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई।
1978 की ‘डॉन’ बनी कल्ट क्लासिक
सबसे पहले साल 1978 में रिलीज हुई डॉन में अमिताभ बच्चन ने डॉन का आइकॉनिक किरदार निभाया था। उनके साथ जीनत अमान नजर आई थीं। करीब 70 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 7 करोड़ रुपये की कमाई कर उस दौर में तहलका मचा दिया था। शानदार कहानी, दमदार डायलॉग और यादगार गानों की वजह से यह फिल्म आज भी कल्ट क्लासिक मानी जाती है।
1995 की ‘एक डॉन’ बनी सबसे बड़ी फ्लॉप
इसके बाद साल 1995 में एक डॉन रिलीज हुई, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती, सोनाली बेंद्रे और जुगल हंसराज नजर आए। हालांकि, यह फिल्म दर्शकों को बिल्कुल पसंद नहीं आई और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई। फिल्म को लेकर विवाद भी हुआ था, क्योंकि इसमें एक सीन में तिरंगे को गलत तरीके से दिखाया गया था, जिससे दर्शकों की नाराजगी और बढ़ गई।
2006 में शाहरुख खान ने ‘डॉन’ को दिया नया अंदाज
साल 2006 में निर्देशक फरहान अख्तर ने डॉन का रीमेक बनाया। इस बार लीड रोल में शाहरुख खान नजर आए, जबकि उनके साथ प्रियंका चोपड़ा और ईशा कोप्पिकर भी थीं। फिल्म में पुरानी कहानी को नए ट्विस्ट के साथ पेश किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। करीब 40 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर सुपरहिट का दर्जा हासिल किया।
‘डॉन 2’ ने भी दोहराई सफलता
इसके बाद साल 2011 में डॉन 2 रिलीज हुई, जिसमें एक बार फिर शाहरुख खान डॉन के किरदार में नजर आए। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, बोमन ईरानी, कुणाल कपूर और लारा दत्ता ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं। करीब 76 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 200 करोड़ के आसपास कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ दिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved