ग्वालियर। ग्वालियर जिले के भितरवार थाना परिसर (Bhitarwar Police Station Premises) में वाहन चेकिंग के दौरान एक अजीब घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक (Helmet bike) चलाने पर एक व्यक्ति की गाड़ी रोक ली, जिसके बाद उसकी पत्नी ने थाने में खुद पर ‘देवी’ आने का दावा करते हुए हंगामा कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार पुलिस क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक दंपति बिना हेलमेट बाइक पर जाते मिले, जिन्हें रोककर चालानी कार्रवाई के लिए चाबी थाने में रख ली गई। कुछ देर बाद पत्नी भी थाने पहुंची और अचानक जोर-जोर से झूमने लगी। उसने दावा किया कि उस पर देवी आ गई हैं, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी असमंजस में पड़ गए।
करीब दो मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति को शांत करने के लिए एक पुलिसकर्मी ने अपनी जेब से 50 रुपये निकालकर महिला को भेंट कर दिए। इसके बाद महिला शांत हुई तो पुलिस ने बाइक की चाबी लौटाकर दंपति को जाने दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे चालान से बचने का तरीका बता रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved