
उज्जैन। अच्छी बारिश की कामना को लेकर महाकालेश्वर मंदिर में इस साल पर्जन्य अनुष्ठान की बजाय रूद्राभिषेक अनुष्ठान 22 जून से 26 जून तक किया जाएगा। 24 घंटे चलने वाले इस अनुष्ठान के जरिये महाकाल को प्रदेश में अच्छी बारिश के लिए मनाया जाएगा। महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष गुरु ने बताया कि उत्तम दृष्टि की कामना को लेकर महाकाल में यह अनुष्ठान किया जाएगा। अनुष्ठान में बैठने वाले पंडित नंदी हाल में बैठकर 24 घंटे सतत रूद्राभिषेक अनुष्ठान के अंतर्गत मंत्रोच्चारण करेंगे। यह अनुष्ठान 5 दिन चलेगा। इसकी तैयारियाँ की जा रही है।
कल पूरे शहर में नहीं होगा जलप्रदाय
कल रविवार को छुट्टी के दिन पूरे शहर में जलप्रदाय नहीं हो पाएगा। इसके पीछे कारण यह है कि गंभीर स्थित इंटेक और गऊघाट प्लांट पर सुधार कार्य आज से शुरु हो गया है और सुबह से विद्युत मंडल ने इन क्षेत्रों में शटडाउन कर दिया है। पूरे शहर में आज सुबह जलप्रदाय हुआ। परंतु कल कहीं भी जलप्रदाय नहीं हो पाएगा, क्योंकि विद्युत मंडल द्वारा आज सुबह से गंभीर स्थित इंटेक तथा गऊघाट फिल्टर प्लांट पर सुधार कार्य शुरु कर दिया गया है। इसके लिए सुबह से शटडाउन किया गया है। यह सुधार कार्य देर शाम तक चलेगा जिसके चलते शहर की पानी की टंकियाँ नहीं भर पाएगी। इस वजह से पीएचई ने कल पूरे शहर में जलप्रदाय नहीं हो पाने की बात कही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved