
भोपाल। गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश के ह्रदय प्रदेश मध्यप्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंंगे। इसके लिये सरकार और शासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक होगा। जब प्रदेश के आठ करोड़ जन आगे कदम बढ़ाएंंगे तो प्रदेश के विकास का पथ प्रशस्त हो जायेगा। मुख्यमंत्री रीवा में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-रोजगार तथा आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं। नगरों के साथ-साथ ग्रामों के विकास के लिये पांच वर्षीय कार्य योजना तैयार की जा रही है। रीवा प्रदेश का गौरवशाली जिला है। इसके विकास में किसी तरह की कोर कसर नहीं रहेगी।
एरियर्स की एक-एक पाई का भुगतान होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों के एरियर्स की एक-एक पाई का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का कोई अवसर नहीं छोड़ा जायेगा। प्रदेश को विकसित करने के लिये पराक्रम की पराकाष्ठा करनी होगी। हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह और समाजसेवा का कोई एक कार्य करे। प्रदेश में नशामुक्ति तथा बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिये भी अभियान चलाया जायेगा। जब हर प्रदेशवासी विकास में योगदान देगा तो प्रदेश की तस्वीर और तकदीर अवश्य बदलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved