
पटना । राजद नेता तेजस्वी यादव (RJD leader Tejaswi Yadav) ने कहा कि बिहार की असंवेदनशील नीतीश सरकार में (Under the insensitive Nitish Government of Bihar) नारियों पर अत्याचार हो रहा है (Women are being Oppressed) ।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार की एनडीए सरकार पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्ट तंत्र और मशीनी यंत्र से निर्मित डबल इंजन की एनडीए सरकार अत्याचारियों, भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और बलात्कारियों का विश्वसनीय उपकरण बन चुकी है। उन्होंने कहा, “वोट खरीदारी से बनी बिहार की असंवेदनशील नीतीश सरकार संपूर्ण बिहार में नाबालिग बच्चियों, छात्राओं, बेटियों और महिलाओं पर जुल्म ढा रही है। सत्ता संप्रायोजित अत्याचार होने के कारण सरकार के कर्ता-धर्ता रोंगटे खड़े करने वाली इन वीभत्स घटनाओं पर मौन धारण कर ‘महात्मा’ बनने का स्वांग रच रहे हैं।”
उन्होंने विभिन्न घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मधेपुरा में विधवा महिला के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या, खगड़िया में चार वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ जघन्य सामूहिक दुष्कर्म और हत्या, पटना में जहानाबाद की नीट छात्रा के साथ दुष्कर्म, क्रूरतापूर्ण हत्या और सत्ता संरक्षित लीपापोती यह दर्शाती है कि यह सरकार निर्मम, क्रूर और अमानवीय हो चुकी है।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक बयान जारी कर कहा, “पटना और खगड़िया में घटना का विरोध दर्ज कराने पर निकम्मी पुलिस प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर उन्हें जेल भेजती है, वहीं दूसरी ओर अपराधियों तथा बलात्कारियों को अपना “मेहमान” समझकर उन्हें सुरक्षित और सम्मानित करने में दिलो जान से लगी है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की विधि व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। मुख्यमंत्री की चुप्पी आपराधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मशीनरी से बनी सरकार का अत्याचार और शोषण प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। सत्ता प्रायोजित एवं सत्ता संरक्षित अपराधी तथा सरकार में बैठे उनके निर्देशक अगर अपना अत्याचार बंद नहीं करते हैं तो जनता की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है, यह जनता द्वारा दिखा दिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved