ब्‍लॉगर

तीर्थ नगरों का विश्वस्तरीय विकास

– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

नरेन्द्र मोदी सरकार ने तीर्थाटन व पर्यटन पर अत्यधिक जोर दिया। इस विषय को प्राथमिकता में शामिल किया। अनेक सर्किट का निर्माण चल रहा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठा रहे हैं। नगर निकाय चुनाव के तीसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मंडल में तीन रैलियां कर भाजपा के पक्ष में वोट मांगा। मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद व आगरा में भाजपा की शहर की सरकार बनाने का आह्वान किया।

वर्तमान सरकार ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम व ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन से विकास को गति दी। छह वर्ष पहले सरकार ने मथुरा वृंदावन नगर निगम और फिर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन ने समग्र विकास की कार्ययोजना को बढ़ाने का कार्य किया। आज यहां बत्तीस हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं, जिस दिन ये योजनाएं धरातल पर उतर जाएंगी, उस दिन यहां द्वापर युग की भव्यता और दिव्यता दिखाई देगी। जवाहरबाग कभी गुंडागर्दी का अड्डा बना हुआ था। आज स्थिति सबके सामने है। पहले कोसी कला में दंगा होता था। आज यहां पेप्सिको का प्लांट लग चुका है। जिस मथुरा-वृंदावन में कभी मांस-मदिरा की बिक्री होती थी, उस पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। चौरासी कोसी परिक्रमा केवल अयोध्या में ही नहीं ब्रज में भी होने जा रही है। नगर निगम बनने के बाद अब मथुरा के नवनिर्माण की दिशा में कार्य हो रहे हैं। जैसे काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया। ऐसे ही बांके बिहारी के धाम का कार्य आगे बढ़ना चाहिए।

विकास के लिए विजन और योग्य नेतृत्व चाहिए। देश में कांग्रेस और प्रदेश में समाजवादी पार्टी के फेल इंजन यूपी के विकास को पीछे ले जा रहे थे। प्रदेश के दो करोड़ युवाओं को मौजूदा सरकार टैबलेट और स्मार्ट फोन उपलब्ध करा रही है। सेफ सिटी, इंट्रीग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर हैं। हंट सिटी सर्विलांस के माध्यम से ट्रैफिक, स्वाथ्य्य और स्वच्छता के कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं। नगर सृजन योजना के तहत नगर निगम फिरोजाबाद का विस्तार और नगर पंचायत मक्खनपुर का सृजन हुआ है। अमृत मिशन के तहत सवा तीन सौ करोड़ रुपए की पांच परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। हर घर नल की 27 करोड़ की परियोजना पूरी होने पर चौदह हजार घरों को स्वच्छ पेयजल मिलने लगेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति दी। यह नीति भारत और यूपी के टैलेंट को टेक्नोलॉजी और ट्रेनिंग के साथ जोड़कर स्थानीय स्तर पर नौकरी उपलब्ध कराने का बहुत अच्छा माध्यम बनेगी।


आगरा ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के लिए जानी जाती है। छत्रपति शिवाजी ने विदेशी आक्रांताओं को यहीं पर चुनौती देने का काम किया था। वर्तमान सरकार ने उनके नाम पर म्यूजियम बनवाने का काम किया। भारत बदल चुका है। जहां भी गुलामी का अंश होगा उससे मुक्ति पाने का उपाय करेंगे। बृज क्षेत्र भी सज और संवर रहा है। चित्रकूट से लेकर गोवर्धन तक हर जगह काम चल रहा है। वर्ष के अंत तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतरीन सुविधा आगरा मेट्रो ट्रेन का संचालन भी शुरू हो जाएगा। आगरा मेट्रो सिटी भी हो जाएगी। सैंतीस वर्ष बाद आगरा नगर निगम की सीमा का विस्तार भी किया गया है।

आयुष्मान योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि का लाभ भी सबका साथ- सबका विकास, सबका विश्वास-सबका प्रयास की तर्ज पर बिना भेदभाव के दिलाया जा रहा है। योगी ने कहा कि यहां के कण कण में बिहारी जी और राधा जी का दर्शन होता है। इसीलिए पूरी दुनिया से लोग यहां आते हैं। मथुरा की सात्विकता, वैष्णो भाव, पवित्रता को देखकर दुनिया को भक्ति की शक्ति की अनुभूति होती है। वर्तमान सरकार यहां की परम्परा व संस्कृति की उन्नति के लिए कार्य कर रही है मथुरा, वृन्दावन, बरसाना बलदेव, गोवर्धन, गोकुल को तीर्थस्थल का दर्जा दिया गया है। इनके विकास हेतु ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया गया है।

भक्ति में शक्ति होती है, इसी का परिणाम है कि अयोध्या में भव्य राम मन्दिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। योगी सरकार ने परम्पराओं से जुड़ने का कार्य किया है। काशी में देव दीपावली, प्रयागराज में कुम्भ शक्तिपीठों में शारदीय व बासंतीय नवरात्रि, गंगा यमुना की आरती का कार्यक्रम शुरू किया है। गंगाजी को निर्मल और अविरल बनाने का कार्य किया गया है। इसी तरह यमुना जी पूरी तरीके से निर्मल होंगी। सरकार ब्रज क्षेत्रवासियों को शुद्ध व मीठा पेयजल उपलब्ध करायेगी। इसके लिए कार्य योजना तैयार की गयी है। जल संचयन हेतु तालाबों का पुनरुद्वार किया जा रहा है।

गोवर्धन जी के परिक्रमा क्षेत्र को विकसित करने के लिए एक सौ सत्रह करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गयी है। गोवंश को संरक्षित करने का कार्य वर्तमान सरकार ने किया है। दुग्ध की गुणवत्ता बेहतर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। टीकाकरण के बाद इन गोवंशों को ईयरटैग किया जा रहा है। निराश्रित गोवंश को संरक्षण देने वालों को राज्य सरकार द्वारा नौ सौ रुपये प्रतिमाह प्रति गोवंश दिया जा रहा है। गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गौ आश्रय स्थल बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बरसाना स्थित श्री माताजी गौशाला में श्री श्याम लक्ष्मी गऊ चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र का उद्घाटन किया था।

योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को हिंदुओं की आस्था के सबसे महत्वपूर्ण स्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया था, जो साकार हो रहा है। भाजपा सरकार ने मथुरा-वृंदावन के पुराने गौरव को लौटाने के लिए सभी प्रमुख योजनाओं में इस क्षेत्र को रखा है। कृष्ण जन्मोत्सव शुरू कर इसकी वैश्विक पहचान को बढ़ाने के साथ ही जन्मभूमि क्षेत्र के दस किमी की परिधि के दायरे को तीर्थस्थल घोषित कर अपने संकल्प को पूरा किया है। अयोध्या की ही तर्ज पर आज कान्हा की नगरी भी सज और संवर रही है। सरकार ब्रज के विकास के लिए संकल्पित है। छह वर्ष के दौरान मथुरा में दिव्य और भव्य कृष्ण जन्मोत्सव और होली के भव्य आयोजन से इसकी वैश्विक और धार्मिक पहचान मजबूत हुई है।

ब्रज तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद का गठन कर सरकार ने मथुरा-वृंदावन ही नहीं पूरे चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के बीच पड़ने वाली सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व की धरोहरों का सौंदर्यीकरण किया। केंद्र सरकार की हृदय योजना का लाभ भी मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र को मिला है। प्रो पुअर पर्यटन योजना के तहत श्रीबांके बिहारी मंदिर की कुंज गलियों व श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मार्गों का विकास हुआ है। अब योजना में श्री ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर की अन्य कुंज गलियां भी शामिल की गई हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि में रास लीला मंच, कृष्ण लीला के डिजिटल मंचन, पार्क के सौंदर्यीकरण, प्रमुख मार्ग का निर्माण सम्भव हुआ।

(लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

Share:

Next Post

प्रभात जयसूर्या बने सबसे तेज 50 टेस्ट विकेट लेने वाले स्पीनर, तोड़ा 71 साल पुराना रिकॉर्ड

Sat Apr 29 , 2023
गाले(Gale)। श्रीलंका के स्पिनर (Sri Lankan spinner) प्रभात जयसूर्या (Prabhat Jayasuriya) ने शुक्रवार को गाले में आयरलैंड (Ireland) के खिलाफ दूसरे टेस्ट के अंतिम दिन 71 साल पुराना रिकॉर्ड (break 71 year old record) तोड़ दिया है। जयसूर्या ने अपने सातवें टेस्ट में 50 विकेट लेकर स्पिनर के रूप में सबसे कम मैचों में 50 […]