
नई दिल्ली । सोशल मीडिया(social media) की दुनिया में बड़ा बदलाव लाने के बाद अब एलन मस्क(Elon Musk) बैंकिंग सेक्टर में भी नई क्रांति लाने की तैयारी कर चुके हैं। उनके स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (social media platform, X)ने अमेरिका में एक्स मनी नाम की नई डिजिटल बैंकिंग सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा का उद्देश्य यूजर्स को सोशल मीडिया और बैंकिंग दोनों सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। मस्क लंबे समय से एक्स को एक ऐसा एवरीथिंग ऐप बनाना चाहते हैं जहां चैटिंग पोस्टिंग वीडियो कॉलिंग शॉपिंग और बैंकिंग जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। एक्स मनी इसी महत्वाकांक्षी योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
नई बैंकिंग सेवा फिलहाल अमेरिका में एक्स के प्रीमियम और प्रीमियम प्लस उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराई गई है। शुरुआती परीक्षण सफल रहने के बाद अब इसे व्यापक स्तर पर रोलआउट किया जा रहा है। इस सेवा के जरिए उपयोगकर्ता अपने खाते में पैसा जमा कर सकते हैं दूसरे लोगों को तुरंत धन भेज सकते हैं बिजली पानी और अन्य बिलों का भुगतान कर सकते हैं तथा डिजिटल चेक जैसी सुविधाओं का भी उपयोग कर सकेंगे। इसका उद्देश्य अलग अलग बैंकिंग और पेमेंट ऐप्स की जरूरत को कम करना है।
एक्स मनी को आकर्षक बनाने के लिए कंपनी ने उपयोगकर्ताओं को सालाना छह प्रतिशत तक ब्याज देने की घोषणा की है। यह दर अमेरिका के कई पारंपरिक बचत खातों की तुलना में अधिक मानी जा रही है। इस सेवा के संचालन के लिए एक्स ने क्रॉस रिवर बैंक के साथ साझेदारी की है। इसके अलावा उपयोगकर्ताओं की जमा राशि पर निर्धारित सीमा तक सरकारी बीमा सुरक्षा भी उपलब्ध होगी जिससे ग्राहकों का भरोसा मजबूत करने की कोशिश की गई है।
एलन मस्क का यह कदम सीधे तौर पर डिजिटल पेमेंट बाजार में मौजूद बड़ी कंपनियों के लिए चुनौती माना जा रहा है। अब तक पेपाल वेनमो और कैश ऐप जैसे प्लेटफॉर्म इस क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं लेकिन एक्स मनी के आने से प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना है। यदि सोशल मीडिया और बैंकिंग सेवाओं का यह मॉडल सफल रहता है तो भविष्य में उपयोगकर्ताओं को अलग अलग ऐप डाउनलोड करने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
मस्क कई वर्षों से चीन के लोकप्रिय सुपर ऐप वीचैट की तर्ज पर अमेरिका में भी एक ऐसा प्लेटफॉर्म विकसित करना चाहते थे जहां उपयोगकर्ता दैनिक जीवन की लगभग हर डिजिटल जरूरत को एक ही ऐप से पूरा कर सकें। एक्स मनी उसी दिशा में उठाया गया सबसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहा तो सोशल मीडिया कंपनियों की भूमिका केवल संचार तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि वे वित्तीय सेवाओं का भी बड़ा केंद्र बन सकती हैं।
हालांकि इस नई सेवा को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। अमेरिका के कुछ सांसदों और वित्तीय विशेषज्ञों ने छह प्रतिशत ब्याज दर और बैंकिंग मॉडल की स्थिरता पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इतनी आकर्षक ब्याज दर लंबे समय तक कैसे कायम रखी जाएगी और इसके लिए वित्तीय संसाधन कहां से आएंगे इसकी स्पष्ट जानकारी सामने आनी चाहिए। नियामक एजेंसियां भी इस नई व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
इसके बावजूद तकनीकी विशेषज्ञ इसे डिजिटल बैंकिंग के भविष्य की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं। यदि एक्स मनी उपयोगकर्ताओं का भरोसा जीतने में सफल रहती है तो आने वाले समय में सोशल मीडिया और बैंकिंग के बीच की दूरी लगभग समाप्त हो सकती है और डिजिटल वित्तीय सेवाओं का नया दौर शुरू हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved