इंदौर, विकाससिंह राठौर। शहर में इस बार गर्मी मार्च की शुरुआत में ही तीखे तेवर दिखा रही है। कल पहली बार पारा 37.3 डिग्री पर पहुंच गया, यह मार्च के साथ ही इस साल का सबसे ज्यादा तापमान था। इस तापमान ने मार्च के पिछले 10 सालों में से 2 सालों का रिकार्ड भी तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल भी गर्मी के तेवर तीखे रहेंगे, परसो से तापमान में थोड़ी कमी आएगी।
कल दिन का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसो की अपेक्षा 1.7 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसो रात की अपेक्षा 0.4 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी रही और अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। आज और कल भी तापमान 37 डिग्री के आसपास ही रहेगा, जिससे दिन में तेज गर्मी का अहसास होगा। इसके बाद तापमान में कमी आएगी और अगले दिनों में तापमान गिरकर 33 से 34 डिग्री के बीच नजर आएगा, जिससे तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
इतिहास में पहली मार्च की शुरुआत गर्म
मौसम विशेषज्ञों की माने तो संभवत: इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब मार्च की शुरुआत इतनी गर्म है। अकसर मार्च में सर्वाधिक गर्मी 20 से 31 मार्च के बीच ही दर्ज होती है। लेकिन कल 11 मार्च को ही तापमान 37 डिग्री के आगे निकल गया। इसने पिछले 10 सालों में से 2 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया। 2020 में सबसे ज्यादा तापमान 25 मार्च को 36.4 डिग्री रहा था, वहीं 2023 में 30 मार्च को तापमान 36.3 डिग्री था। कल मार्च के ये दोनों ही रिकार्ड टूट गए। हालांकि पिछले 10 सालों में सर्वाधिक तापमान 2017 में 30 मार्च को 40.6 डिग्री के रुप में दर्ज हुआ था। वहीं इतिहास की बात करें तो 1892 में 28 मार्च को पारा 41.1 डिग्री पर पहुंचा था, जो मार्च का अब तक का दर्ज सबसे ज्यादा तापमान है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved