अमेठी, 5 अगस्त । सूबे के गन्ना मंत्री मंगलवार शाम हवाई सफर करते हुए बुरे फंस गए। वो हेलीकॉप्टर से लखनऊ लौट रहे थे कि मौसम खराब होने के कारण उसकी इमरजेंसी लैंडिग करानी पड़ी।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गन्ना मंत्री सुरेश राणा के हेलीकॉप्टर से सूबे के चार जिलों का दौरा करने निकले थे। उन्होंने गोंडा, बस्ती, बलरामपुर और बहराइच जिले का निरीक्षण किया। चारों बाढ़ग्रस्त जिलों का दौरा कर जब उनका हेलीकॉप्टर लौट रहा था कि तभी अमेठी-रायबरेली के मध्य एकाएक मौसम खराब हो गया।
आनन-फानन में पायलट ने फुरसतगंज एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। जैसे ही जिला प्रशासन को इसकी खबर हुई तत्काल जिला प्रशासन ने मंत्री को लखनऊ जाने के गाड़ी और सकॉट की व्यवस्था कराकर उन्हें सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना किया।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved