खेल भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

12वीं राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता: उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र ने जीते अपने मुकाबले

– हॉकी हिमाचल को मिला वॉक ओवर, हरियाणा और ओडिशा के मध्य मुकाबला 4-4 से बराबरी पर रहा

भोपाल। हॉकी इंडिया (Hockey India) तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी भोपाल में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सीनियर पुरूष हॉकी चैम्पियनशिप-2022 (12th Hockey India National Senior Men’s Hockey Championship-2022) में शनिवार को पांच में से चार मैच खेले गए। इनमें हॉकी प्रतियोगिता: उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की, जबकि हरियाणा और ओडिशा के बीच मुकाबला 4-4 से बराबरी पर रहा। वहीं, हॉकी हिमाचल को वॉक ओवर मिला।


प्रतियोगिता 6 से 17 अप्रैल, 2022 तक भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पर खेली जा रही हैं। इसमें शनिवार को पहला मैच उत्तर प्रदेश हॉकी और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने छत्तीसगढ़ हॉकी को 7-0 से परास्त किया। दूसरा मुकाबला हॉकी कर्नाटक और हॉकी उत्तराखण्ड के मध्य खेला गया। इस मुकाबले को हॉकी कर्नाटका ने 9-1 से जीता। तीसरा मुकाबला महाराष्ट्र और केरला हॉकी के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में महाराष्ट्र हॉकी ने 7-1 से विजय हासिल की। चौथा मुकाबला मणिपुर हॉकी के ग्राउण्ड में नहीं पहुंचने के कारण नहीं खेला गया और हॉकी हिमाचल को वॉक ओवर मिला, जबकि पांचवा और अंतिम मुकाबला हरियाणा और ओडिशा के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में दोनों ही टीमें 4-4 से बराबरी पर रही और मुकाबला ड्रा हो गया।

पहला मुकाबला-उत्तरप्रदेश हॉकी विरूद्ध छत्तीसगढ़ हॉकी
शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले के पहले क्वार्टर के 10वें मिनट में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी सूरज सिंह ने फील्ड गोल कर 1-0 से अपनी टीम को बढ़त दिलायी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 28वें मिनट में धर्मेन्द्र यादव ने फील्ड गोल कर टीम का स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने तीन गोल किए। 38वें मिनट में धर्मेन्द्र यादव ने पेनॉल्टी कार्नर से तथा 38वें मिनट में ही मो. सादिक ने फील्ड गोल किया। 39वें मिनट में मनीष साहनी ने पेनॉल्टी कार्नर ने गोल किया। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति पर उत्तर प्रदेश का स्कोर 5-0 रहा। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर के 58वें मिनट में उत्तर प्रदेश के कप्तान अर्जून यादव ने फील्ड तथा 60वें मिनट में मनीष साहनी ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर उत्तर प्रदेश को 7-0 से विजय दिलायी।

दूसरा मुकाबला-कर्नाटका विरूद्ध हॉकी उत्तराखण्ड
दूसरे मुकाबले के पहले क्वार्टर के तीसरे मिनट में कर्नाटका के खिलाड़ी अंसार अली ने फील्ड तथा 11वें मिनट में सोमन्ना ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिलायी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 27वें मिनट में चेलसिया मेडप्पा ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 3-0 की बढ़त दिलायी। मैच के तीसरे क्वार्टर में कुल पांच गोल हुए। कर्नाटका टीम ने 4 तथा उत्तराखण्ड की टीम ने एक गोल किया। इस क्वार्टर के 33वें मिनट में कर्नाटका के खिलाड़ी लिखिथ बीएम ने एवं 35वें मिनट में प्रणम गौड़ा ने एक-एक फील्ड गोल तथा 36वें मिनट में दीक्षितो ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से गोल कर अपनी टीम को 6-0 की बढ़त दिलायी।

इस क्वार्टर के 37वें मिनट में उत्तराखण्ड के खिलाड़ी शाहनवाज़ हसन ने अपनी टीम के लिए एकमात्र फील्ड गोल कर स्कोर 6-1 कर दिया। मैच के 41वें मिनट में कर्नाटका के खिलाड़ी नाचप्पा ने फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 7-1 पर पहूंचाया। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर के 46वें मिनट में प्रणम गौड़ा ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से तथा 49वें मिनट में सोमन्ना ने फील्ड गोल कर कर्नाटका का स्कोर 9-1 कर दिया। इसके पश्चात दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी और मुकाबला कर्नाटका ने 9-1 से जीत लिया।

तीसरा मुकाबला-हॉकी महाराष्ट्र विरूद्ध केरला हॉकी
तीसरे मुकाबले के पहले क्वार्टर के 12वें तथा 14वें मिनट में में महाराष्ट्र के खिलाड़ी रोमेश पिल्लई ने एक-एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिलायी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 19वें, 20वें और 27वें मिनट में महाराष्ट्र के खिलाड़ी क्रमशः आदित्य रासला, कप्तान तालेब शाह तथा हरीश शिंदगी ने एक-एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 5-0 से बढ़त दिलायी। मैच के तीसरे क्वार्टर के 31वें मिनट में सूरज शाही ने महाराष्ट्र के लिए फील्ड गोल कर स्कोर 6-0 कर दिया। मैच के 34वें मिनट में महाराष्ट्र के कप्तान तालेब शाह ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम का स्कोर 7-0 पर पहूंचा दिया। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर के 49वें मिनट में केरला के खिलाड़ी प्रेमकुमार पी. ने पेनॉल्टी कार्नर से अपनी टीम के लिए एकमात्र गोल किया। महाराष्ट्र की टीम ने इस मुकाबले को 7-1 से जीता।

चौथा मुकाबला-मणीपुर हॉकी विरूद्ध हॉकी हिमाचल
आज के चौथे मुकाबले में मणीपुर हॉकी की टीम के ग्राउण्ड में नहीं आने के कारण हॉकी हिमाचल को वॉक ओवर मिला।

पांचवा मुकाबला-हॉकी हरियाणा विरूद्ध हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा
आज खेले गए पांचवें मुकाबले के पहले क्वार्टर के पहले ही मिनट में हरियाणा के खिलाड़ी पंकज ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी। मैच के 8वें और 15वें मिनट में मिले पेनॉल्टी कार्नर से ओडिशा के खिलाड़ी अमनदीप लकरा ने दो गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलायी। मैच के दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में हरियाणा के खिलाड़ी दीपक ने पेनॉल्टी कार्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 से बराबरी पर ला दिया। मैच के 28वें मिनट में ओडिशा के खिलाड़ी अमनदीप लकरा ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 3-2 की बढ़त दिलायी।

मैच के तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में हरियाणा के खिलाड़ी पंकज ने फील्ड गोल कर अपनी टीम का स्कोर 3-3 से बराबरी पर ला दिया। मेच के चौथे और अंतिम क्वार्टर के 55वें मिनट में ओडिशा के खिलाड़ी अमनदीप लकरा ने पेनॉल्टी कार्नर को गोल में बदल कर अपनी टीम को 4-3 की बढ़त दिलायी। मैच के 56वें मिनट में हरियाणा के खिलाड़ी दीपक ने पेनॉल्टी कार्नर से गोल कर अपनी टीम को 4-4 की बराबरी पर ला दिया। इसके पश्चात दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 4-4 से बराबरी पर रहा।

प्रतियोगिता में रविवार, 10 अप्रैल को पहला मुकाबला प्रातः 7.00 बजे हॉकी पंजाब विरूद्ध हॉकी राजस्थान, दूसरा मुकाबला प्रातः 8.45 बजे उत्तर प्रदेश हॉकी विरूद्ध तेलंगाना हॉकी, तीसरा मुकाबला प्रातः 10.30 बजे हॉकी कर्नाटका विरूद्ध हॉकी आन्ध्र प्रदेश, चौथा मुकाबला अपरांह 12.15 बजे हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु विरूद्ध मणीपुर हॉकी और पांचवा मुकाबला सायं 4.30 बजे हॉकी महाराष्ट्र विरूद्ध हॉकी बिहार खेला जाएगा। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

यूक्रेनः मोदी पहल क्यों न करें?

Sun Apr 10 , 2022
– डॉ. वेदप्रताप वैदिक संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा ने रूस को अपनी मानव अधिकार परिषद से निकाल बाहर किया है। उसके 193 सदस्यों में से 93 सदस्यों ने रूस के निष्कासन के पक्ष में वोट दिया और 24 ने विरोध में। 58 सदस्य तटस्थ रहे, जिनमें भारत भी शामिल है। रूस के पहले सिर्फ […]