
– हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और झारखंड ने भी जीते अपने मैच
भोपाल। भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 12वीं सीनियर नेशनल वुमन हॉकी चैंपियनशिप-2022 (12th Senior National Women’s Hockey Championship-2022) में मध्यप्रदेश की टीम (Madhya Pradesh team) ने सोमवार को अपनी दूसरी जीत दर्ज की। मध्यप्रदेश हॉकी ने चंडीगढ़ (Chandigarh) को 5-1 से हराया। हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और झारखंड ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
महिला हॉकी प्रतियोगिता में चौथे दिन सोमवार को पांच मैच खेले गए। मध्य प्रदेश और चंडीगढ़ के बीच खेला गया मैच एकतरफा रहा, जिसमें मध्यप्रदेश की टीम ने फील्ड गोल और पेनेल्टी कार्नर से 5 गोल किए। मध्यप्रदेश की मनीषा चौहान ने मैच के 20वें मिनिट में पेनेल्टी कार्नर से पहला गोल किया। सविता ने 26वें मिनिट में फील्ड गोल से दूसरा गोल किया। मध्यप्रदेश टीम की नीलू दादिया ने 30वें मिनिट में तीसरा गोल किया। मैच के 35वें मिनिट में चंडीगढ़ की प्रियंका ने अपनी टीम के लिए पहला गोल किया। मध्यप्रदेश की ज्योति पाल ने 57वें मिनिट में फील्ड गोल कर चौथा गोल किया और 60वे मिनिट में मध्यप्रदेश टीम की कप्तान नीरज राणा ने पाँचवां गोल कर मध्यप्रदेश को जीत दिलायी।
वहीं, अन्य मैचों में हरियाणा की हॉकी टीम ने असम को 7 के मुकाबले 1 गोल से हराया। पंजाब ने छत्तीसगढ़ को 6-0 से, महाराष्ट्र ने राजस्थान को 4-0 से और झारखंड ने एक तरफा मैच खेलते हुए 10-0 से आंध्र प्रदेश को परास्त किया।
भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही 12वीं सीनियर नेशनल वुमन हॉकी चैंपियनशिप में मंगलवार, 10 मई को 2 मैच खेले जाएंगे। सुबह 7 बजे हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा और केरल के बीच और 8:45 बजे तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मध्य मुकाबले होंगे। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved