
जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में बीजेपी बूथ अध्यक्ष और पूर्व जिला मंत्री आशीष काटकर से बदमाशों द्वारा 50 हजार रुपये मासिक फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हथियारों से लैस बदमाश उनकी मेडिकल दुकान में घुसे और खुलेआम धमकी दी कि अगर दुकान शांति से चलानी है तो हर महीने रकम देनी होगी। यह घटना 29 जनवरी की शाम करीब 5:30 बजे पेंटी नाका इलाके में स्थित मेडिकल स्टोर पर हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीडि़त आशीष काटकर के अनुसार, इलाके के ही चिंटू रजक और रोशन ठाकुर दुकान में आए और फिरौती की मांग की। इनकार करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। घटना के समय दुकान में ग्राहक भी मौजूद थे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी बेखौफ होकर दुकान में घुसते और धमकी देते नजर आ रहे हैं। पीडि़त का दावा है कि बदमाश हथियार लेकर आए थे। आशीष काटकर ने कैंट थाने में प्रकरण दर्ज कराते हुए सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। बावजूद इसके अब तक आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीडि़त और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि उन्हें लगातार डराया जा रहा है और पुलिस की ओर से केवल जांच का आश्वासन दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सत्ताधारी पार्टी के नेताओं की सुरक्षा ही सवालों के घेरे में है, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच जारी होने की बात कह रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved