देश

8 किलो हेरोइन, 1 किलो कोकीन के साथ, NCB ने 3 विदेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने शुक्रवार को 3 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 8 किलोग्राम हेरोइन और 1 किलो कोकीन भी जब्त की है। एनसीबी के उप निदेशक के.पी.एस. मल्होत्रा ने कहा, “ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनसीबी की दिल्ली जोनल यूनिट ने 8 किलो हेरोइन और 1 किलो कोकीन जब्त की है। साथ ही युगांडा की 2 नागरिकों और 1 नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।”


मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली यूनिट दिसंबर महीने में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली जानकारियों पर काम कर रही थी। इन आरोपियों से 5.350 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसी जानकारी के आधार पर सफल ऑपरेशन किया गया। हमने 28 जनवरी को जाल बिछाकर युगांडा के नागरिकों – जेसेंट नाकालुंगी (42) और शरीफा नामागांडा (28) को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पकड़ा।

उन्होंने कहा, “दोनों महिलाओं ने अपने सामान में 4-4 किलो हेरोइन और 500-500 ग्राम कोकीन छिपाई हुई थी। पूछताछ में पता चला कि दोनों चचेरी बहनें हैं और वे शरीफा के इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आईं थीं। आगे की जांच में नाइजीरियाई नागरिक किंग्सले सामने आया, जो इनसे प्रतिबंधित सामग्री रिसीव करने वाला था। फिर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।”


उन्होंने आगे कहा, “इस मामले में हुई जब्ती इस नेटवर्क से मादक पदार्थों की तस्करी के रिवर्स रूट की ओर इशारा करती है। नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर और हाई सीज पर सीमा सुरक्षा बलों द्वारा सख्ती करने से नशीले पदार्थों के तस्करों को अफ्रीका के हॉर्न के जरिए मोजांबिक होते हुए तस्करी करने पर मजबूर होना पड़ा है। तस्करी की गई हेरोइन विभिन्न शिपमेंट्स में छिपी होती है। फिर यह अफ्रीका के अन्य हिस्सों में पहुंचती है, जहां से संगठित सिंडिकेट संभावित वाहकों की व्यवस्था करते हैं और विभिन्न तरीकों से इन्हे यहां भेजते हैं।”

Share:

Next Post

मोदी सरकार लेगी 12 लाख करोड़ का कर्ज, जाने कहां से लेगी उधार

Fri Feb 5 , 2021
सरकार ने बजट में यह ऐलान किया है कि वित्त वर्ष 2021-22 में करीब 12 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लिया जाएगा। कर्ज की वजह से ही मौजूदा वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा रिकॉर्ड 9.5 फीसदी और अगले साल 6.8 फीसदी होगा। कोरोना संकट की वजह से देश के खजाने की हालत दयनीय हो गई […]