नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष के पद से सोनिया गांधी के इस्तीफे की खबर का कांग्रेस ने खंडन किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि अब भी वो कांग्रेस प्रमुख के पद पर हैं।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार देर शाम को कहा कि सोनिया गांधी द्वारा कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरें झूठी हैं। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने साफ किया है कि फिलहाल सोनिया गांधी कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं देने वाली हैं।
दरअसल अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी के एक साल पूरा करने के बाद से स्थायी नेतृत्व की मांग उठ रही है। इसी बीच पार्टी के कई नेता और पूर्व मंत्रियों समेत 23 लोगों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर संगठनात्मक बदलाव की मांग की है। साथ ही अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराने के लिए भी कहा है।
पार्टी नेताओं की तरफ से लिखे गए पत्र के बाद ही सोनिया ने अपनी बात रखते हुए कहा कि सभी को एक साथ मिलकर एक नया प्रमुख खोजना चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया कि अब वो कोई जिम्मेदारी नहीं लेना चाहती हैं। (एजेंसी, हि.स.)
Share: