
पटना। लोजपा अध्यक्ष व जमुई सांसद चिराग पासवान का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला लगातार जारी है। उन्होंने जबरदस्त वार करते हुए कहा, नीतीश कहीं फिर से लालू की शरण में न चले जाएं। चिराग ने ट्वीट कर कहा, पिछली बार लालू प्रसाद के आशीर्वाद से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे। बाद में उन्हें धोखा दे कर भाजपा के शरण में चले गये। इस बार कहीं प्रधानमंत्री का आशीर्वाद लेने के बाद फिर से लालू की शरण में न चले जाएं।
पिछले विधानसभा चुनाव 2015 में नीतीश कुमार ने एनडीए से नाता तोड़कर लालू की पार्टी राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। राजद-जदयू और कांग्रेस के गठबंधन ने भारी जीत हासिल की थी। जदयू की कम सीटें होने के बाद भी राजद ने नीतीश को मुख्यमंत्री बनाया था। बाद में नीतीश ने राजद का साथ छोड़ दिया और भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।
इस बार चिराग पासवान ने नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार करने से इनकार कर दिया और केंद्र में एनडीए का हिस्सा होने के बाद भी लोजपा बिहार विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ रही है। वे खुलकर नीतीश कुमार के खिलाफ बोल रहे हैं। उन्होंने जदयू को वोट नहीं देने की अपील की। यहां तक कह दिया कि नीतीश कुमार जीते तो बिहार हार जायेगा। लोजपा ने अपने ज्यादातर प्रत्याशी जदयू के खिलाफ उतारे हैं। हालांकि छह सीटों पर भाजपा के साथ फ्रेंडली फाइट भी है। (एजेंसी, हि.स.)

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved